April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

12 साल बाद वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा भारत, कोहली-अय्यर के बाद छाया शमी का जादू, रोहित की सेना अब ट्रॉफी से सिर्फ एक कदम दूर

12 साल बाद वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा भारत, कोहली-अय्यर के बाद छाया शमी का जादू, रोहित की सेना अब ट्रॉफी से सिर्फ एक कदम दूर

भारत ने 12 साल बाद वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री कर ली है। रोहित शर्मा की सेना अब वर्ल्ड कप 2023 की ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। आखिरी बार भारत ने 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी और ट्रॉफी भी जीती थी।

एनसीआई@मुम्बई

भारत ने 12 साल बाद वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री कर ली है। रोहित शर्मा की सेना अब वर्ल्ड कप 2023 की ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। आखिरी बार भारत ने 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी और ट्रॉफी भी जीती थी। मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलेंड को 70 रनों से कूटकर फाइनल का टिकट कटा लिया है। वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला 19 नवम्बर को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में भारत का सामना दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। दूसरा सेमीफाइनल 16 नवम्बर को साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 397 रन बनाए और न्यूजीलेंड के सामने 398 रनों का टारगेट रखा। टीम इंडिया के लिए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 113 गेंदों में 117 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 70 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली। इसके अलावा शुभमन गिल ने 66 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए। 398 रनों के लक्ष्य के जवाब में न्यूजीलेंड की टीम 327 रन ही बना पाई। पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलेंड को हराते ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली है।

सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा

विराट कोहली ने वनडे में शतकों का अर्धशतक पूरा करके सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि श्रेयस अय्यर ने लगातार दूसरे मैच में सैकड़ा ठोका। इससे भारत ने न्यूजीलेंड के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 4 विकेट पर 397 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली ने 117 गेंद पर 113 रन बनाए, जबकि अय्यर ने 70 गेंद पर 105 रन बनाए। इन दोनों ने 128 गेंद पर 163 रन जोड़े। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा ने 29 गेंद पर 47 रन की तूफानी पारी खेल कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि बीच में रिटायर्ड हर्ट होने वाले शुभमन गिल ने अंतिम ओवर में वापसी की और कुल 66 गेंद पर नाबाद 80 रन की पारी खेली। केएल राहुल 20 गेंद पर 39 रन बना कर नाबाद रहे।

विराट कोहली ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

न्यूजीलेंड की तरफ से टिम साउदी सबसे महंगे लेकिन सबसे सफल गेंदबाज रहे। टिम साउदी ने 100 रन देकर तीन विकेट लिए। कोहली ने 106 गेंदों पर अपना शतक पूरा करके सचिन तेंदुलकर के सामने उनका वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वनडे में शतकों का अर्धशतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस पारी के दौरान किसी एक वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने के तेंदुलकर (2003 में 673 रन) का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

अय्यर ने की छक्कों की बौछार

विराट कोहली के खिलाफ न्यूजीलेंड ने शुरू में ही एलबीडब्ल्यू के लिए डीआरएस लिया था। इसके अलावा कीवी गेंदबाज उन्हें किसी भी समय परेशान नहीं कर पाए। उन्होंने सहजता से अपने रन बटोरे और साउदी की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग में कैच देने से पहले अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले अय्यर ने अपनी उसी लय को बरकरार रखा और अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में छक्कों की बौछार करके दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने साउदी पर छक्का लगाने के बाद अगली गेंद पर एक रन लेकर 67 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। यह वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में सबसे तेज शतक है।

रोहित ने ट्रेंट बोल्ट को उधेड़ा

अय्यर इसके बाद बोल्ट की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कैच देकर पवेलियन लौटे, जिससे भारत 400 रन के पार नहीं पहुंच पाया। अय्यर ने अपनी पारी में चार चौके और आठ छक्के लगाए। रोहित ने ट्रेंट बोल्ट के पहले ओवर में दो चौके लगाकर जतला दिया था कि वह बड़े शॉट खेलने से नहीं हिचकिचाएंगे। उन्होंने बोल्ट और साउदी दोनों को निशाने पर रखकर छक्के जड़ने की अपनी काबिलियत का खुलकर प्रदर्शन करके वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विलियमसन ने दौड़ लगाकर लिया धांसू कैच

केन विलियमसन को छठे ओवर में ही बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सेंटनर को गेंद सौंपनी पड़ी। भारतीय कप्तान ने उनका स्वागत चौके और छक्के से किया, लेकिन साउदी पर ऊंचा शॉट लगाते समय उनकी टाइमिंग सही नहीं थी और विलियमसन ने दौड़ लगाकर उसे कैच में बदल दिया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए तथा वर्ल्ड कप में सर्वाधिक छक्के लगाने के क्रिस गेल (49) के रिकॉर्ड को तोड़ा। रोहित की आतिशबाजी के बाद गिल ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन को निशाने पर रखा और इस तेज गेंदबाज पर छक्का लगाकर 13वें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

राहुल ने डेथ ओवरों में दिखाया जलवा

गिल ने 41 गेंद पर वनडे में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया। जब वह 79 रन पर खेल रहे थे तब बाएं पांव में ऐंठन के कारण उन्हें क्रीज छोड़नी पड़ी। उन्होंने प्रवाहमय बल्लेबाजी की और अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए, लेकिन इससे न्यूजीलेंड को किसी तरह की राहत नहीं मिली क्योंकि अय्यर ने एक तरह से गिल की पारी को ही आगे बढ़ाया। उन्होंने रचिन रविंद्र को कुंद करने के अलावा बोल्ट और साउदी की गेंद को भी छक्के के लिए भेजा। इस बीच कोहली ने भी साउदी पर छक्का लगाया। राहुल ने पांच चौके और दो छक्के लगाकर डेथ ओवरों में बखूबी जिम्मेदारी सम्भाली।

शमी के सामने ढेर हुई कीवी टीम

दूसरी ओर 398 रनों के टारगेट के जवाब में न्यूजीलेंड की टीम 327 रन ही बना सकी और 70 रनों से मैच गंवा दिया। कीवी के लिए डेरेल मिचेल ने 134 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान केन विलियमसन ने 69 और ग्लेन फिलिप्स ने 41 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 7 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.