वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले शमी को सीएम योगी का बड़ा तोहफा, गांव पहुंच गए अधिकारी, ग्रामीण गदगद
एनसीआई@अमरोहा(उत्तर प्रदेश)/स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के विश्वकप में शानदार प्रदर्शन के चलते उनका गांव सहसपुर अलीनगर भी चर्चा में आ गया है। प्रशासन ने उनके गांव में मिनी स्टेडियम बनवाने की घोषणा की है।
इसके बाद शुक्रवार को सीडीओ अश्विनी कुमार मिश्र व अन्य अधिकारियों ने जोया विकासखंड स्थित शमी के गांव का भ्रमण किया। वहां स्टेडियम के लिए जमीन की तलाश की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शमी का परिवार गांव में ही रहता है। शमी का भी यहां आना-जाना लगता रहता है। शमी के विश्वकप में चमकने के बाद ग्रामीण ही नहीं बल्कि आस-पास के लोगों में भी खुशी छाई हुई है।
प्रभारी मंत्री ने भी दिए थे संकेत
जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार भी उनके गांव को विकसित करने की बात कह चुके हैं। बहरहाल, प्रशासन ने युवा कल्याण विभाग की तरफ से गांव में मिनी स्टेडियम बनवाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे मुख्य विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत नितिन जैन, ग्राम पंचायत अधिकारी राजकुमार सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी ब्रजभान सिंह, जूनियर इंजीनियर एके मित्तल गांव पहुंचे।
यहां ग्राम प्रधान नूरे शबा ने स्टेडियम के निर्माण के लिए जमीन दिखाई। इस पर सीडीओ ने अधिकारियों को साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। जमीन की पैमाइश आदि का कार्य पूरा करने के लिए कहा। सभी अधिकारियों के साथ वह शमी के फार्म हाउस पर भी पहुंचे। ग्रामीणों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को समाधान कराने के निर्देश दिए।
