दफनाने तो आओगे न….युवक ने लगाया यह वीडियो स्टेटस, दो दिन बाद ही हादसे में हो गई मौत
एनसीआई@झुंझुनूं
रविवार रात चार दोस्तों की दो बाइक आपस में भिड़ गईं। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरे को गम्भीर हालत में जयपुर रेफर किया गया। बाकी दो दोस्तों का झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार चार दोस्त मोहम्मद शोएब (20), आसिफ, जहीर खान (38) और जावेद (20) रविवार रात दो बाइक पर किसी काम से चूरू बाइपास रोड गए थे। वहां से ये रात 9 बजे वापस लौट रहे थे। उस दौरान एक बाइक के टायर के नीचे पत्थर आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक साथ चल रही दूसरी बाइक से जोरदार तरीके से भिड़ गई। इससे दोनों बाइक का संतुलन बिगड़ गया और चारों युवक सड़क पर गिर पड़े।
इस हादसे में गम्भीर घायल हुए वार्ड 41, मुगलान मोहल्ले के निवासी मोहम्मद शोएब पुत्र मुबारक को झुंझुनूं जिला हॉस्पिटल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं शोएब के साथी आसिफ पुत्र सरवर रंगरेज को जयपुर रेफर किया गया।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार फुटला बाजार निवासी जहीर खान पुत्र मोहम्मद मुंशी और दरभंगा बिहार निवासी मोहम्मद जावेद पुत्र अब्दुल हमीद का झुंझुनूं के ही बीडीके अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सदर कोतवाल राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना मिली थी। बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक के शव को बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
दो दिन पहले लगाया था स्टेटस
मृतक मोहम्मद शोएब ने हादसे से दो दिन पहले अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर वीडियो स्टेट्स लगाया था। वीडियो में वह डायलॉग बोलता नजर आ रहा है- चुपचाप स्टेटस देखने वालों, दफनाने तो आओगे न! शोएब की मौत के बाद उसके इस स्टेटस को देख परिवारजन, रिश्तेदार और दोस्त अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं।
