भाजपा किसान मोर्चा ने रोडवेज बस स्टेंड की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रबंधक का किया घेराव
एनसीआई@कोटा
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश नायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नयापुरा और संजय नगर रोडवेज बस स्टेंड की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए रोडवेज डिपो प्रबंधक अजय मीना का घेराव किया।
नायक ने बताया कि कोटा शहर के नयापुरा बस स्टेंड की इमारत जीर्णशीर्ण हो चुकी है, इसलिए यह कभी भी गिर सकती है। इससे बड़ी जनहानि हो सकती है। इसके अलावा रोडवेज की कई बसों के रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण सर्टिफिकेट अवधि पार हो चुके हैं, इसके बावजूद रोडवेज प्रशासन बिना फिटनेस की खटारा बसों में सवारियां भर रहा है। पार्षद दिलीप सिंह नायक और भाजपा नेता नंदकिशोर वैष्णव ने बस स्टेंड में सीसीटीवी कैमरों व साफ-सफाई का अभाव होने का मुद्दा उठाया। इसके अलावा कहा कि एलईडी, पेयजल व टिकट मशीनें बंद पड़ी हुई हैं।
भाजपा नेता राजेश कुमार वर्मा और मनीष शर्मा सिंघम ने संजय नगर बस स्टेंड में पुलिस चौकी नहीं होने व सुरक्षा सम्बन्धी अन्य कमियों के चलते वहां शराबियों के घूमते रहने की बात कही। उनका कहना था कि इसके चलते वहां आपराधिक वारदात होने का भय बना रहता है।
नायक ने कहा कि रोडवेज प्रशासन को सुधार के लिए पहले भी कई बार चेताया गया, मगर पिछले कांग्रेस शासन में अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की। परंतु अब जनहित करने वाली भाजपा सरकार बनी है, इसलिए अधिकारी लापरवाही छोड़कर जनसेवा करें। अन्यथा लापरवाह अधिकारी अपना बोरिया बिस्तर बांध लें।
इस पर डिपो मैनेजर ने शीघ्र ही व्यवस्थाओं में सुधार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर घनश्याम ओझा, आलोक गोयल, सुनील प्रजापति, मोहित कुश्तला, मोनू पांचाल, मनु प्रताप, धवन, बृजभान यादव, मनीष गौतम, नरेन्द्र पुरी, नवनीत नागर, धनराज बागोरिया, सुनील पांचाल, लोकेश गुप्ता, कुशाल गौतम, चमन सूर्या, राधेश्याम नकवाल आदि भी मौजूद रहे।
