कोटा दक्षिण में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केईडीएल के सीईओ को दिया ज्ञापन
एनसीआई@कोटा
कोटा दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगेन्द्र बीरवाल जोंटी ने कोटा दक्षिण के सभी वार्डों में इस भीषण गर्मी के दौर में भी बिजली की आपूर्ति चरमराई होने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मुद्दे पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ विद्युत प्रसारण कम्पनी केईडीएल के सीईओ शांतनु भट्टाचार्य को ज्ञापन दिया।

बीरवाल का कहना है कि लगातार बढ़ते जा रहे तापमान के बीच दोपहर से लेकर रात तक किसी भी समय बिजली की कटौती कर दी जाती है। आमजन को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष बीरवाल ने केईडीएल के अधिकारियों से कहा कि आपके द्वारा आमजन की सहायता के लिए जो सम्पर्क नम्बर दिया गया है, वह अधिकतर समय बंद आता है या फिर चालू होने पर भी उस पर कॉल रिसीव नहीं की जाती है। इसलिए परेशान लोग आप तक अपनी समस्या पहुंचा तक नहीं पाते हैं। ऐसे में जब वे शिकायत करने केईडीएल कार्यालय पहुंचते हैं तो यहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है।
इसी क्रम में पार्षद कपिल शर्मा ने कहा कि आए दिन विज्ञान नगर क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग होती रहती है। एक फेस पर ही विद्युत आपूर्ति हो पाती है। इससे विद्युत उपकरणों के जलने के अलावा जनहानि तक की आशंका बनी रहती है।
बीरवाल ने इस सम्बन्ध में जारी अपनी विज्ञप्ति में बताया कि केईडीएल के अधिकारी उनकी सभी बातों से सहमत हुए। साथ ही आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने आमजन को हो रही परेशानियों के लिए खेद भी जताया। ज्ञापन देने वालों में पार्षद गफ्फार हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम लाहोरिया, सुनील पांडे आदि भी शामिल रहे।
