April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

ब्राह्मणत्व जिंदा रख, समाज उत्थान का कार्य करें

ब्राह्मणत्व जिंदा रख, समाज उत्थान का कार्य करें

मौड़ चतुर्वेदी ब्राह्मण समाज, कोटा का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित, वक्ताओं ने रखे अपने विचार

एनसीआई@कोटा

मौड़ चतुर्वेदी ब्राह्मण समाज का दीपावली स्नेह मिलन समारोह रविवार को श्रीनाथपुरम मार्बल चौराहा स्थित समाज के भूखंड पर आयोजित किया गया। मां मोडेश्वरी की पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्व ब्राह्मण समाज कोटा के सभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र गौतम रहे। विशिष्ट अतिथि सर्व ब्राह्मण समाज युवा प्रकोष्ठ के सम्भागीय अध्यक्ष एवं नगर निगम में सहवरित पार्षद ईश्वर शर्मा रहे। अध्यक्षता डॉ. महेश चतुर्वेदी ने की।

कार्यक्रम में विशेष रूप से बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी के साथ कोरोना महामारी में उल्लेखनीय सेवा करने वाले समाज के चिकित्सक बंधुओं को भी स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष ने वार्षिक आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज बंधुओं ने रोचक प्रस्तुतियां दीं।

समाज भी व्यक्ति का परिवार

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेन्द्र गौतम ने कहा- आज की इस व्यस्त जीवनचर्या में समाज की भूमिका और अधिक प्रासंगिक हो गई है। जिस प्रकार परिवार एक इकाई है, उसी तरह समाज भी व्यक्ति का परिवार ही होता है। ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने के काम करते हैं। इससे सामाजिक सामंजस्य में वृद्धि होती है। सभी ब्राह्मण समाजों को एक होने की आवश्यकता है। प्राचीन काल से ही ब्राह्मण हमारी संस्कृति को सहेजते आए हैं, ऐसे में आज के समय में भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम पुरखों की विरासत को जीवित रखें।

ब्राह्मणों का देश में विशेष दर्जा

विशिष्ट अतिथि ईश्वर शर्मा ने कहा-ब्राह्मण समाज वर्षों से सम्पूर्ण मानव समाज को दिशा देता आया है। ब्राह्मणों को देश में विशेष दर्जा प्राप्त है। किसी अन्य समाज को यह गौरव, सम्मान प्राप्त नहीं है। राजे महाराजे भी ब्राह्मणों से विचार-विमर्श करके ही शुभ कार्य करते आए हैं। हमारी जीवन शैली में ब्राह्मणत्व दिखाई देना चाहिए।

अंत में समाज के अध्यक्ष भरत शर्मा ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करें। अपने ब्राह्मणत्व को जीवित रखें। प्रतिभावान बच्चों को बधाई देते हुए कहा आप ही इस देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। कार्यक्रम का संचालन महेश दुबे व मेघा शर्मा ने किया। अंत में मां मौडेश्वरी की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.