कोटा में 38 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही दी परीक्षा, 12 हजार 926 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, देरी से आने की वजह से भी अटके
एनसीआई@कोटा
आरपीएससी की ओर से रविवार को सहायक आचार्य, पुस्तकालय अध्यक्ष एवं शारीरिक अनुदेशक परीक्षा दोपहर बारह से दो बजे तक आयोजित की गई। कोटा में 64 केन्द्रों पर यह परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।
एडीएम बृजमोहन बैरवा ने बताया कि 38.87 फीसदी अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी। कोटा में कुल 21 हजार 147 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। इनमें से 8 हजार 221 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। 12 हजार 926 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा के लिए 32 सरकारी व 32 निजी स्कूलों, कॉलेजों में सेंटर बनाए गए थे। बृजमोहन बैरवा ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों में 11 बजे बाद एंट्री बंद कर दी गई थी। कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को सेंटर में प्रवेश दिया गया।
बैरवा ने बताया कि कुछ जगह कुछ स्टूडेंट्स निर्धारित समय से लेट पहुंचे, इसलिए उन्हें एंट्री नहीं दी गई। हालांकि उनके अनुसार उनके पास सिर्फ एक सेंटर से ही ऐसी जानकारी मिली है। सुबह एंट्री के समय परीक्षा केन्द्रों पर जब प्रवेश में कुछ ही समय बचा तो अभ्यर्थी दौड़ते भी नजर आए। महिला अभ्यर्थियों से कान की बालियां भी उतरवाई गईं।
