बस में कंडक्टर ने महिला यात्री से किया दुष्कर्म, भाई बताकर विश्वास में लेकर बनाया बंधक और वारदात को दिया अंजाम
एनसीआई@भरतपुर
जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा से भरतपुर जाने के लिए एक लोक परिवहन बस में सवार हुई महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बस के बयाना पहुंचने के बाद सोमवार रात 11 बजे से कंडक्टर ने तीन बार महिला से दरिंदगी की।
बयाना एएसपी ओमप्रकाश किलानिया ने बताया- महिला को भरतपुर जाना था, बस बयाना में रुक गई तो आरोपी कंडक्टर ने उसे भरतपुर पहुंचाने का झांसा दिया और दोबारा खाली बस में बैठा दिया। इसके बाद डरा धमकाकर रात में बस में ही उससे दुष्कर्म किया। मंगलवार सुबह महिला ने बयाना पुलिस को आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी वैर थाना इलाके के गांव गोविंदपुरा निवासी कंडक्टर जितेन्द्र (32) पुत्र चरणसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया। महिला डीग जिले की रहने वाली है।
काम की तलाश में जयपुर गई थी महिला
बयाना एएसपी ने बताया- महिला 3 दिन पहले काम की तलाश में जयपुर अपने परिचित के पास गई थी। वहां उसे काम नहीं मिला तो वह सोमवार शाम 6 बजे वापस डीग में अपने गांव जाने के लिए जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा स्थित स्टेंड पर खड़ी हो गई। इसी दौरान वहां लोक परिवहन की बस आई। जिसके कंडक्टर जितेन्द्र (32) पुत्र चरणसिंह गुर्जर ने महिला को बस को भरतपुर जाना बताया था। इस पर महिला बस में बैठ गई। रात करीब 9 बजे बस महुआ पहुंची, तब महिला को पता चला कि यह बस भरतपुर नहीं, बल्कि बयाना तक ही जा रही है। इस पर महिला ने कंडक्टर से पूछा कि आपने तो भरतपुर जाने की बात कहीं थी। इसके बाद कंडक्टर ने महिला से कहा कि वह उसे सुरक्षित घर छोड़ देगा, वह बैठ जाए। महिला ने उसकी बात पर भरोसा कर लिया। रात करीब 11 बजे बस बयाना बस स्टेंड पर पहुंची।
यहां ड्राइवर गांव मोरदा (वैर) निवासी जीवाराम बस को रोडवेज बस स्टेंड के पास पेट्रोल पम्प के सामने खड़ी कर अपने कमरे पर सोने चला गया। महिला बस से उतरने लगी तो आरोपी कंडक्टर ने उसे वापस बस में बैठा लिया और खाना खिलाने की बात कही।
भाई बताकर की महिला से की दरिंदगी
पुलिस ने बताया- महिला शादीशुदा है, लेकिन पति से अनबन के कारण वह काम की तलाश में जयपुर गई थी। वापस लौटते समय कंडक्टर ने उसे झांसा दिया। बयाना पहुंचने के बाद कंडक्टर बस के गेट का लॉक लगाकर चला गया और 15-20 मिनट बाद वापस आया।
आरोपी कंडक्टर ने हमदर्दी दिखाते हुए महिला से कहा था कि वह उसे अपना भाई समझे और उसकी सुरक्षा की अब उसकी जिम्मेदारी है। ऐसा कहते हुए आरोपी कंडक्टर ने जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका महिला ने विरोध किया। इसके बाद आरोपी कंडक्टर ने महिला से जबरन बस में 3 बार रेप किया। महिला चिल्लाई भी थी, लेकिन बस के शीशे और गेट बंद होने से उसकी आवाज बाहर नहीं जा पाई।
सुबह 3 बजे तक महिला को बस में कैद रखा
कंडक्टर ने सवेरे 3 बजे तक महिला को बस में रखा। इसके बाद उसे छोड़ कर चला गया। महिला रेलवे स्टेशन के पास होटल के सामने खड़ी रही। लोगों की आवाजाही शुरू होने पर उसने थाने का पता पूछा और फिर बयाना पुलिस चौकी पहुंची।
जहां से उसे थाने ले जाया गया और मामला दर्ज किया गया। घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी ओम प्रकाश किलानिया और डिप्टी एसपी अनीता मीणा भी थाने पहुंचीं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने महिला का मेडिकल टेस्ट करवाया।
बस में चाय पी रहा था आरोपी
बयाना पुलिस ने बताया- महिला जब बयाना चौकी पहुंची तो टाउन चौकी इंचार्ज एएसआई निर्भय सिंह गुर्जर उसे लेकर वहां पहुंचे, जहां बस खड़ी थी। आरोपी कंडक्टर उस वक्त बस में ही बैठकर चाय पी रहा था। पुलिस ने तुरंत ही उसे हिरासत में ले लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
निजी बसों की इस तरह चलती है मनमानी
जयपुर से भरतपुर और बयाना की ओर जाने वाली निजी बसें जयपुर के नारायण सिंह सर्किल और ट्रांसपोर्ट नगर से सवारियों को बस में बैठाती हैं। कई बार भरतपुर की सवारियों को महवा से दूसरी बस में बैठा दिया जाता है। मजबूरी में भरतपुर की सवारियां महवा में उतरकर भरतपुर जाने वाली दूसरी बस में शिफ्ट हो जाती हैं। पीड़ित महिला से भी यही कहा गया था कि बयाना में कंडक्टर उसे दूसरी बस से भरतपुर पहुंचा देगा। मगर इस बहाने की आड़ में उससे दरिंदगी को अंजाम दे दिया।
