एल्विश यादव केस: रेव पार्टियों में इस्तेमाल हो रहा था सांप का जहर, एफएसएल जांच में हुआ बड़ा खुलासा
एनसीआई@नोएडा
बिग बॉस फेम एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रेव पार्टियों में सांपों का जहर सप्लाई करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। नोएडा पुलिस ने इसकी जांच के लिए जयपुर एफएसएल को सेम्पल भेजे थे। अब एफएसएल रिपोर्ट में कोबरा करैत प्रजाति के सांपों का जहर पाया गया है।
फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव सहित स्पैरो के खिलाफ सेक्टर 49 थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। बीजेपी सांसद मेनका गांधी के एनजीओ पीएफए द्वारा एल्विश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में स्पैरो को पुलिस ने जेल भेज दिया था। वहीं स्पैरो के कब्जे से बरामद सांपों के जहर को जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा गया था।
सांप तस्करी और नोएडा में रेव पार्टी मामले में धीरे-धीरे जांच आगे बढ़ रही है। बीते साल नवम्बर में आरोपियों को रिमांड में लेने के बाद नोएडा पुलिस उनसे कई घंटे की पूछताछ कर चुकी है। इस पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने कई खुलासे किए थे।
डिमांड के अनुसार होता था इंतजाम
इस पूछताछ में आरोपियों ने यह भी जानकारी दी थी कि एल्विश यादव की पार्टियों में बदरपुर से सांप लाए जाते थे। आरोपी राहुल ने पुलिस को बताया था कि वह रेव पार्टी में सांप और जहर का इंतजाम करता था। जैसी डिमांड होती थी, उसी के अनुसार सपेरे से लेकर ट्रेनर और बाकी चीजें प्रोवाइड कराता था।
उसने पुलिस को कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी बताए थे जो रेव पार्टी में बीन प्रोग्राम और सांपों का खेल करवाते थे। उनमें से कुछ ऐसे भी थे, जिनका एल्विश और फाजिलपुरिया से कनेक्शन था। इसके बाद से ही पुलिस उसका पता लगाने में जुट गई थी।
एनजीओ का दावा है कि बिग बॉस विजेता एल्विश यादव नोएडा में रेव पार्टी किया करता था। पुलिस ने पीएफए की शिकायत पर एल्विस की रेव पार्टी करने वाली जगह पर छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनसे 9 जहरीले सांप बरामद किए थे।
