गोल्ड बैंक के सामने ग्राहक ने खुद पर केरोसीन डाल आग लगाने की कोशिश की, लोगों ने बचाया, आरोप-लोन चुकता कर देने के बाद भी सोना नहीं लौटा रहा बैंक
एनसीआई@अनूपगढ़
जिले के घड़साना में एक निजी गोल्ड लोन बैंक के सामने शनिवार शाम साढ़े चार बजे करीब उसके एक ग्राहक ने खुद पर केरोसीन डाल कर आग लगाने की कोशिश की। मगर इस बात की भनक लगते ही वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। ग्राहक का आरोप था कि बैंक को लोन के पैसे लौटाने के बाद भी उसका डिपॉजिट गोल्ड वापस नहीं किया गया। वहीं बैंक मैनेजर ने ग्राहक पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।

वहीं मामले की जानकारी मिलने पर घड़साना पुलिस के एएसआई शेर सिंह अपनी टीम के साथ आईआईएफएल फाइनेंस गोल्ड लोन बैंक पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एएसआई शेर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। इसी के आधार पर आगे जांच की जाएगी। शेर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पेशे से किसान भोला सिंह (45) पुत्र चंद सिंह निवासी 6 डीडी ने अपनी पत्नी राजप्रीत कौर के नाम से 2019 में आईआईएफएल फाइनेंस गोल्ड लोन बैंक से लगभग 14 तौले सोने की एवज में 5 लाख 9 हजार रुपए का लोन लिया था।
भोला सिंह के मुताबिक उसने 10 फरवरी को 40 हजार रुपए ब्याज के नगद जमा करवाए और 11 फरवरी को 2 लाख रुपए नगद जमा करवाए थे। अगले दिन तीन लाख 9 हजार रुपये जमा करवा दिए। यानी उन्होंने 10 फरवरी से 13 फरवरी के बीच कुल 5 लाख 49 हजार रुपए ब्याज सहित आरटीजीएस (‘रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट’) यानी लोन का फुल एडं फाइनल अमाउंट बैंक को लौटा दिया। इसके बाद भी उनका सोना कम्पनी नहीं लौटा रही।

‘बैंक वालों की वजह से मेरा पति जान दे देता’
भोला सिंह की पत्नी राजप्रीत कौर का कहना है कि बैंक मैनेजर के द्वारा उन्हें बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। इससे वह काफी परेशान हो गए। आज उनके पति ने इसी बैंक के सामने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि वहां लोगों ने उन्हें ऐसे करने से रोक लिया, नहीं तो बैंक वालों की वजह से उनके पति की जान चली जाती।
बैंक मैनेजर ने ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
इस मामले में बैंक मैनेजर नीरज अरोड़ा ने बताया कि राजप्रीत कौर के नाम से जो लोन है, उस लोन में कुछ राशि नगद जमा करवा दी गई थी और 3 लाख 9 हजार रुपए आरटीजीएस के माध्यम से जमा करवाने की बात भोला सिंह के द्वारा कही जा रही है, लेकिन उन्हें आरटीजीएस की राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए उसे उसका सोना वापस नहीं लौटाया गया है। बैंक मैनेजर ने भोला सिंह पर आरोप लगाया है कि वह आत्महत्या करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है।
