राकेश टिकैत की अगुवाई में किसानों का हल्ला बोल, बेरिकेडिंग तोड़ ट्रेक्टर लेकर कलक्ट्रेट में घुसे
मेरठ में इस विरोध-प्रदर्शन की अगुवाई खुद किसान नेता राकेश टिकैत ने की। उनकी अगुवाई में सैकड़ों किसानों ने ट्रेक्टर लेकर डीएम ऑफिस की तरफ कूच किया। कई किसान तो बेरिकेड गिराते हुए ट्रेक्टर लेकर कलक्ट्रेट के अंदर तक पहुंच गए।
एनसीआई@मेरठ
भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विरोध-प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में मेरठ कलक्ट्रेट पर भी जबरदस्त तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया। इसकी अगुवाई खुद किसान नेता राकेश टिकैत ने की। उनकी अगुवाई में सैकड़ों किसानों ने ट्रेक्टर लेकर डीएम ऑफिस की तरफ कूच किया। कई किसान तो बेरिकेड गिराते हुए ट्रेक्टर लेकर कलक्ट्रेट के अंदर तक पहुंच गए। इसके चलते कलक्ट्रेट का माहौल बेहद गरम हो गया।
प्रदर्शन के दौरान ट्रेक्टर चलाते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा यह विरोध-प्रदर्शन देश भर में जिला मुख्यालयों में चल रहा है। इसके बाद आगे की रूपरेखा बनाई जाएगी। अभी संयुक्त किसान मोर्चा की मीटिंग में तय होगा कि हमें दिल्ली जाना है या नहीं या फिर किसी और तरीके से प्रदर्शन करना है। कल (22 फरवरी) हमारी बैठक है।
बकौल राकेश टिकैत- वे अगर हमारे लिए कील लगाएंगे तो हम भी अपने गांव में कील लगा देंगे। हमें भी अपने गांव की बेरिकेडिंग करनी होगी। दिल्ली नहीं आने दे रहे तो इलेक्शन में हम भी उनको गांव नहीं आने देंगे। आंदोलन को कुचलने का काम करेंगे तो उन्हें गांव में कौन आने देगा? कील तो गांव में भी है।
टिकैत ने आगे कहा कि बिना डर के कोई आंदोलन हो रहा है क्या? सरकार भी तो डर बैठा रही है। वह ईडी का डर बैठा रही है और हम ट्रेक्टर का। दिल्ली नजदीक है और पंजाब दूर है, इसलिए हम यहां पर ट्रेक्टर चला रहे हैं। यह दिल्ली जाने का ट्रायल है।
ट्रेक्टर चलाते नजर आए राकेश टिकैत
मेरठ में राकेश टिकैत ट्रेक्टर चलाते नजर आए। टिकैत की अगुवाई में किसानों ने पुलिस की बेरिकेडिंग को गिरा दिया और ट्रेक्टरों पर सवार होकर कलक्ट्रेट के अंदर पहुंच गए। राकेश टिकैत ने कहा कि किसान आंदोलन के समर्थन में पूरे देश का किसान एकजुट है।
किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, लेकिन उन्हें रोकने में पुलिस नाकामयाब रही। बड़ी संख्या में किसान कलक्ट्रेट के अंदर घुस गए। हालांकि, इसे लेकर राकेश टिकैत ने कहा कि पुलिस हमें खुद ही नहीं रोक रही। इस दौरान आसपास माहौल काफी गरम हो गया।
