April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

चार्जिंग में लगाते ही मोबाइल में हुआ तेज विस्फोट, बोर्ड छाती में धंसा, गम्भीर घायल युवक की मौके पर ही मौत

चार्जिंग में लगाते ही मोबाइल में हुआ तेज विस्फोट, बोर्ड छाती में धंसा, गम्भीर घायल युवक की मौके पर ही मौत

एनसीआई@बांसवाड़ा

मोबाइल में चार्जर की पिन लगाकर प्लग को जैसे ही बिजली के बोर्ड में लगाया तो तेज विस्फोट हुआ। इससे मोबाइल, चार्जर और बिजली का सॉकेट सब उड़ गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरा बोर्ड युवक के सीने पर आ पड़ा। इससे सीने की चमड़ी बुरी तरह जल गई और मांस बाहर आ गया। परिजन दौड़कर पहुंचे तो युवक अचेत पड़ा हुआ था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा रविवार दोपहर डेढ़ बजे करीब बांसवाड़ा शहर से 12 किलोमीटर दूर मलवासा गांव में हुआ। इसमें जगमाल (44) की मौत हो गई।

शॉल ओढ़े हुए मृतक जगमाल के दोनों बच्चों सहित अन्य परिजन।
शॉल ओढ़े हुए मृतक जगमाल के दोनों बच्चों सहित अन्य परिजन।

जगमाल के भांजे मोतीलाल ने बताया कि जगमाल स्मार्ट फोन को चार्ज कर रहे थे। उस वक्त उनके पिता कानजी, मां, पत्नी कम्मो और दोनों बेटे घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। जगमाल कमरे में मोबाइल को चार्जिंग में लगाने के लिए पहुंचे। मोबाइल को चार्ज में लगाते ही बुरी तरह विस्फोट हो गया।

धमाके की तेज आवाज सुनकर परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो वहां मोबाइल के टुकड़े बिखरे हुए मिले। वहीं जगमाल फर्श पर अचेत पड़ा हुआ था। उसके सीने पर बिजली का बोर्ड पड़ा था। भांजे मोतीलाल ने आगे बताया कि मैंने बोर्ड को लात मारकर दूर किया और बाहर जाकर बिजली के कनेक्शन का तार हटाया।

जगमाल के भतीजे चंचरलाल ने बताया-अन्य परिजनों के साथ वह घायल जगमाल को लेकर एमजी हॉस्पिटल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमॉर्टम कर घरवालों को सौंप दिया गया। इस हादसे से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।

जगमाल की आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जगमाल अपने पिता कानजी के साथ मजदूरी कर परिवार के पालन-पोषण में मदद करता था। जगमाल की बेटी की शादी हो चुकी है। इसके अलावा 15 और 16 साल के दो बेटे भी हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.