April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

महिला दुकानदार की पति ने गोली मारकर की हत्या, पहले घर जाकर धमकाया था- आज तू रहेगी या मैं

महिला दुकानदार की पति ने गोली मारकर की हत्या, पहले घर जाकर धमकाया था- आज तू रहेगी या मैं

एनसीआई@फलोदी

नागौर रोड स्थिति सिटी पॉइंट के पास दुकान संचालित करने वाली महिला की आज रविवार दोपहर को उसके पति ने दुकान पर ही गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पहले आरोपी पति की पत्नी से तकरार हुई। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। गोली लगने से महिला दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई।

अनामिका विश्नोई (33) सिटी पॉइंट के पास नारी कलेक्शन के नाम से दुकान चलाती थी।पति महिराम वारदात के बाद से फरार है। इस घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी रामकरण सिंह व सीआई भंवर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पड़ा खाली कारतूस पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात से पहले महीराम ने अनामिका के घर जाकर उसे धमकाया था कि आज या तो तू रहेगी या मैं।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

कार्यवाहक एसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद जब वह दुकान पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सारी घटना सामने आ गई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि अनामिका का पति महिराम दोपहर करीब सवा बारह बजे दुकान पर आया। यहां दोनों के बीच तकरार हुई।

उन्होंने दुकान मालिक के बयान के आधार पर बताया कि दोपहर को वारदात के बाद उसने अनामिका को कुर्सी पर बैठे हुए देखा था। मगर अपराह्न 3 बजे तक जब अनामिका बाहर नहीं आई तो वह दुकान के गेट पर गया। वहां उसने अनामिका को काफी देर से कुर्सी पर झुकी हुई बैठे पाया। जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो दुकान मालिक ने अंदर जाकर देखा तो वहां फर्श पर खून बिखरा हुआ था। साथ ही गोली का खोल भी ​पड़ा हुआ था। इस पर उसने अनामिका के पिता तेजाराम को सूचना दी और उसे फलोदी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोर्ट में चल रहा था भरण-पोषण का केस

कार्यवाहक एसपी तिवाड़ी ने बताया-अनामिका की 13 साल पहले बीकानेर के नगरासर निवासी महिराम पुत्र गोपीराम से शादी हुई थी। महिराम नगरासर गांव में मेडिकल की दुकान चलाता है। दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके चलते भरण-पोषण का मामला कोर्ट में चल रहा था।

अनामिका और महिराम के 12 और 10 साल के बेटे हैं। अनामिका का पीहर फलोदी के पास खारा गांव में हैं। दो साल पहले शुरू हुए विवाद के बाद अनामिका फलोदी में वेदों की बगेची में किराए पर अपने दोनों बेटों के साथ रह रही थी। बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनका पिता महिराम रविवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे घर पर आया था। उसने इन दोनों बच्चों से कहा था कि आज या तो तुम्हारी मां रहेगी या मैं। इसके बाद दुकान पर जाकर महिराम ने अनामिका को गोली मार दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.