एएसआई बनकर बोलेरो गाड़ी ले भागने का आरोपी गिरफ्तार, खुद को आरपीएफ में पोस्टेड बताया था
एनसीआई@कोटा
गुमानपुरा थाना पुलिस ने आरपीएफ का फर्जी एएसआई बनकर बोलेरो गाड़ी चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तीन दिन पहले बड़े शातिर तरीके से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था।
गुमानपुरा एसएचओ भूरी सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी बलराम उर्फ बल्लू उर्फ सलीम (42) भानपुरा, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। यह वर्तमान में कोटा के लाडपुरा में रहता है। पुलिस ने उससे चोरी की गाड़ी बरामद कर ली है। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर सवाई माधोपुर में एक बोलेरो गाड़ी के ड्राइवर को झांसे में लिया। इसके बाद वह वहां से 4 हजार रुपए में गाड़ी किराये से करके कोटा आया। यहां से वह मौका देखकर गाड़ी लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान हुई
एसएचओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया गया। इसमें उसकी लोकेशन चित्तोड़ निम्बाहेड़ा व मध्यप्रदेश के नीमच में मिली। वहां यह आरोपी एक बस में सवार था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर निम्बाहेड़ा में चित्तोड़ रोड़ से चोरी की गई बोलेरो गाड़ी बरामद कर ली।
यह है मामला
सवाई माधोपुर के खदुपुरा निवासी सोनू खान (32) ने 27 फरवरी को गुमानपुरा थाने में शिकायत दी थी। इसमें बताया गया था कि आरोपी ने 26 फरवरी को सवाई माधोपुर टेक्सी स्टेंड से किराये पर बोलेरो की थी। आरोपी ने अपना नाम रवि उर्फ राहुल बताते हुए खुद को आरपीएफ में एएसआई के पद पर पोस्टेड बताया था। उसने कार ड्राइवर से कहा, उसका ट्रांसफर सवाईमाधोपुर में हुआ है, कोटा से सामान लाना है।
चार हजार रुपए किराया तय होने के बाद आरोपी गाड़ी में बैठकर आरपीएफ थाने गया, वहां से अपना बैग लिया और बाहर से मजदूर को गाड़ी में बैठाया। सवाई माधोपुर से रवाना होकर कोटा पहुंचे। गुमानपुरा इलाके में ड्राइवर टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से उतरा। इतने में आरोपी ड्राइवर सीट पर जाकर बैठ गया और गाड़ी को स्टार्ट करके ले भागा। थोड़ी दूरी पर जाकर उसने मजदूर को गाड़ी से नीचे उतार दिया।
