April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शादी में जाते समय हुआ बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से चाची-भतीजे की मौत, बहन-भांजा सहित तीन घायल

शादी में जाते समय हुआ बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से चाची-भतीजे की मौत, बहन-भांजा सहित तीन घायल

एनसीआई@राजसमंद

राजसमंद जिले के आमेट में शनिवार सुबह 11 बजे हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से एक युवक और उसकी चाची की मौत हो गई, वहीं बहन व भांजा घायल हो गए। ये चारों शादी में शामिल होने जा रहे थे।

शोभागपुरा निवासी नारायण गुर्जर (27) पुत्र घीसा गुर्जर अपनी बाइक से बहन रेखा बाई (25), भांजे लोकेश (4) व चाची मेहताब बाई (35) को लेकर जवाहर खेड़ा जा रहा था। वहां नारायण के मामा के लड़के की शादी थी।‌रास्ते में चावंडा माता मंदिर के पास गोवल से जवालिया जा रही हाईटेंशन लाइन अचानक इनके ऊपर टूटकर गिर गई। इससे बाइक चला रहे नारायण गुर्जर और इसकी चाची मेहताब बाई की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार बाकी दोनों जने भी घायल हो गए। वहीं वहां से गुजर रहा गोवल निवासी शंकर सिंह (50) भी अपनी भैंस के साथ करंट की चपेट में आ गया। इन तीनों को आमेट सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं दोनों मृतकों के शवों को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

समाचार लिखे जाने तक शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया जा सका था। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे। इस हादसे की सूचना पाकर कुम्भलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, डिप्टी एसपी सहित विद्युत निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।

बारिश में इंसुलेटर ब्रेक होने से हुआ हादसा

विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा- बारिश के समय इंसुलेटर पर पानी गिरने से इंसुलेटर ब्रेक हो जाता है। शुरुआती जांच में इसमें किसी भी प्रकार की विभागीय लापरवाही सामने नहीं आई है, फिर भी मामले की जांच की जाएगी। राज्य सरकार की ओर से मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा दिलवाया जाएगा।

10 दिन पहले ही आया था मुम्बई से

नारायण गुर्जर मुम्बई में कपड़े की दुकान पर काम करता था। वह जवाहर जी का खेड़ा निवासी मामा के लड़के की शादी में जाने के लिए 10 दिन पहले ही गांव आया था।

पांच बहनों में था इकलौता भाई

जानकारी के अनुसार नारायण पांच भाई-बहनों में चौथे नम्बर का इकलौता भाई था। उसकी तीन साल पहले ही शादी हुई थी। उसका एक डेढ़ साल का बेटा है। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं मृतक मेहताब बाई के 2 बेटे और 1 बेटी है। पति एक हाथ से दिव्‍यांग है।

विधायक ने दिया मुआवजे का आश्वासन

कुम्भलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने हॉस्पिटल पहुंच कर डॉ. सीपी सूर्या और डॉ. आशीष गवारियां से घायलों के हालात की जानकारी ली। साथ ही परिजनों को राज्य सरकार और विधायक फंड से मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप

डेगाना सरपंच प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह ने विद्युत निगम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे पहले भी कई बार निगम को चेताया गया था। लेकिन वह आंख मूंद कर बैठा रहा। इस वजह से दो लोगों को हादसे का शिकार होना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.