April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पेट्रोल भरवाने जा रहे दोस्तों को बस ने कुचला, सामने से मारी टक्कर और काफी दूर तक घसीटा

पेट्रोल भरवाने जा रहे दोस्तों को बस ने कुचला, सामने से मारी टक्कर और काफी दूर तक घसीटा

समीर और कय्यूम

एनसीआई@सीकर

जिले के फतेहपुर में जयपुर-चूरू हाईवे पर निमावत स्कूल के सामने दोपहर को हृदयविदारक हादसा हो गया। दरअसल दो बजे करीब पेट्रोल भरवाने जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को बस ने सामने से टक्कर मारकर कुचल दिया। बस दोनों को टायरों के नीचे करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। मौके पर खड़ा हुआ एक युवक अपने घर से पिकअप लेकर आया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मगर तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे।

फतेहपुर कोतवाली एसएचओ सुभाष बिजारणिया ने बताया- लोक परिवहन की बस चूरू से सीकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से फतेहपुर निवासी कय्यूम (18) पुत्र अयूब और समीर (18) पुत्र राशिद बाइक से पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, हालांकि आज पेट्रोल पम्प संचालकों की हड़ताल है। दोनों युवक अपने घर से एक किलोमीटर दूर आए होंगे कि निमावत स्कूल के सामने बस ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक बस के टायर के नीचे आ गए। बस दोनों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे के बाद ड्राइवर बस को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। इस समय बस में करीब 30 सवारियां बैठी हुईं थीं। इस बस को जब्त कर लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी ने पिकअप से पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना स्थल के पास ही खड़े हुए सोहेल खान और आमिर ने इसकी सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। करीब 20 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन एम्बुलेंस नहीं पहुंची। इस पर सोहेल खान पास ही स्थित अपने घर गया और अपनी पिकअप ले आया। पिकअप से दोनों को राजकीय धानुका अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया।

प्रत्यक्षदर्शी का दावा- रॉन्ग साइड आ रही थी बस

प्रत्यक्षदर्शी सोहेल का कहना है कि जयपुर-चूरू हाईवे का काम चल रहा है। इस कारण एक तरफ का रास्ता बंद है। बस रॉन्ग साइड में चल रही थी, जबकि बाइक सवार युवक सही दिशा में चल रहे थे। इस दौरान बस ने इन्हें चपेट में ले लिया। इससे दोनों बस के टायर के नीचे आ गए और टायर में फंस गए। इस पर बस दोनों को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद ड्राइवर ने बस रोका और उतर कर भाग गया।

इस हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला उप अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पर दोनों युवकों के परिजन और मोहल्ले वाले बड़ी संख्या में पहुंच गए। इनके अलावा नगर परिषद के सभापति मुश्ताक अहमद भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

12 वीं कक्षा में पढ़ते थे दोनों

दोनों मृतक दोस्त फतेहपुर के राजकीय नेवटियां स्कूल में 12 वीं कक्षा में पढ़ते थे। समीर वार्ड 10 का रहने वाला था। इसी वार्ड में कय्यूम का ननिहाल था। समीर के पिता का देहांत कुछ साल पहले हो गया था। अब परिवार में उसकी मां और तीन बड़े भाई बहन है। एक बड़ा भाई विदेश में रहता है, दूसरा बड़ा भाई फतेहपुर में ही मजदूरी करता है। मां और बहन घर पर ही रहती हैं। समीर 12वीं कक्षा में पढ़ाई करता था।

वहीं कय्यूम के पिता विदेश में मजदूरी करते हैं। दो भाइयों में कयूम बड़ा था। कयूम करीब दो साल से अपने नाना के पास ननिहाल में रहता है। नाना के घर में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, इस कारण वहां पढ़ाई के साथ काम भी कर लेता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.