April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज की, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमीन पठान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज की, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमीन पठान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

एनसीआई@कोटा

फार्म हाउस पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम से गाली-गलौच करने और राजकार्य में बाधा डालने के मामले में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अमीन पठान को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अनंतपुरा थाना पुलिस ने शाम 5 बजे करीब उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गौरतलब है कि अमीन पठान ने 2023 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ कांग्रेस जॉइन कर ली थी। वे भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे।

पुलिस ने रविवार शाम अमीन पठान को उनके अनंतपुरा स्थित घर से गिरफ्तार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अमीन पठान को जब कोर्ट के समक्ष पेश किया गया तो वहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक पहुंच गए। हालात को देखते हुए अवकाशकालीन कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में आरएसी और पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए थे।

यहां मजिस्ट्रेट ने अमीन पठान की जमानत अर्जी खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए। कोर्ट में सोमवार को नियमित सुनवाई के बाद आगे का फैसला सुनाया जाएगा।

यह था मामला

उल्लेखनीय है कि शनिवार को वन विभाग के रेंजर संजय नागर की ओर से अमीन पठान और उनकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि शनिवार को वन विभाग की टीम राजस्व विभाग, यूआईटी और पुलिस के साथ अनंतपुरा गांव में सीमांकन करने गई थी। वहां वन विभाग की जमीन पर अमीन पठान का फार्म हाउस बना हुआ है। इस फॉर्म हाउस का भी सर्वे किया और लाल निशान लगा दिए। यहां सीमांकन के बाद पत्थरगढ़ी करनी थी। टीम अपना काम कर रही थी। इसी दौरान अमीन पठान और उनकी पत्नी रजिया पठान आए। उनके साथ दस-पन्द्रह अन्य लोग भी थे। इन्होंने आते ही गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। टीम ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हाथापाई की कोशिश की।

पठान रहे थे वसुंधरा राजे के खास

अमीन पठान ने वर्ष 2005 में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया था। अमीन पठान वसुंधरा राजे के खास माने जाते रहे थे। वह राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और दरगाह कमेटी ख्वाजा साहब अजमेर के अध्यक्ष भी रहे। मगर 2023 विधानसभा चुनाव से पहले 19 नवम्बर को उन्होंने भाजपा छोड़ कांग्रेस जॉइन कर ली थी। इसके तुरंत बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश महासचिव बना दिया था। अमीन पठान ने कोटा में रजवाडा क्रिकेट लीग का आयोजन करवाया था। इसमें उन पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के आरोप भी लगे थे।

2023 में मांगा था टिकट

अमीन पठान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भरतपुर की कामां विधानसभा सीट से टिकट की मांग कर रहे थे। इसके लिए उनकी करीब दो साल से तैयारी जारी थी। मगर भाजपा ने कामां विधानसभा सीट से हरियाणा की नौक्षम चौधरी को टिकट दे दिया था। इससे नाराज होकर ही अमीन पठान ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.