यूट्यूबर एल्विश यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, हो सकती है 10 साल तक की जेल
मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रविवार को नोएडा पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एल्विश के खिलाफ आईपीसी, वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
एनसीआई@नोएडा
सांप के जहर की तस्करी के आरोप से एकदम सुर्खियों में आए मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। नोएडा पुलिस ने इस मामले में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर सूरजपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले जिला अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई गई। गिरफ्तारी के बाद एल्विश का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो पुलिसवालों के साथ हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गत साल इस मामले के खुलासे के बाद नोएडा पुलिस ने यूट्यूबर एल्विश यादव सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद पांच लोगों राहुल, टीटूनाथ, जय करन, नारायण और रविनाथ की गिरफ्तारी हुई थी। इन पांचों की गिरफ्तारी बीजेपी नेता मेनका गांधी की एनिमल वेलफेयर संस्था पीएफ की पहल पर हुई थी। इसके बाद एक आरोपी राहुल ने एल्विश यादव की करतूतों के बारे में खुलासा किया था। पुलिस ने उस वक्त यूट्यूबर को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन तब उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
पुलिस ने नोएडा सेक्टर 49 में एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसकी विवेचना नोएडा सेक्टर 20 की पुलिस कर रही है। इसमें यूट्यूबर के खिलाफ आईपीसी की धारा 284, 289, 120बी और वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट-1972 की धारा 9, 39, 48, 49, 50, 51 के तहत केस दर्ज हुआ है। इस मामले में आरोपियों से बरामद स्नेक बेनम को जांच के लिए भेजा गया था। वहां से मिली रिपोर्ट के बाद एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। इसमें आरोपी को 10 साल तक की सजा हो सकती है। पिछले पांच महीने से जांच कर रही पुलिस ने इस केस को मजबूत कर लिया है।
