सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से नहर में गिरा किशोर, बचाने के लिए तीन दोस्तों ने भी लगा दी छलांग, डूबने से दो की मौत
एनसीआई@कोटा
बूंदी जिले के केशवरायपाटन क्षेत्र से गुजर रही सींता नहर पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां सुबह नौ बजे करीब सेल्फी लेते समय एक किशोर का पैर फिसला और वह नहर में गिर गया। इस पर उसे बचाने के लिए एक-एक कर उसके तीन दोस्त भी नहर में कूद गए। मगर ये भी डूबने लगे तो बचाने के लिए चिल्लाने लगे। वहां से गुजर रहे लोगों ने यह नजारा देख मशक्कत कर दो नाबालिगों को तो बचा लिया, लेकिन बाकी दो डूब गए। इससे इनकी मौत हो गई। ये किशोर कोटा के कुन्हाड़ी इलाके से यहां घूमने आए थे।

इस हादसे में जिंदा बचे सिद्धम (13) के अनुसार वह सुबह 9 बजे करीब अपने दोस्त यथार्थ (14), पीयूष (14) व आदित्य (13) के साथ सींता नहर पर आया था। ये चारों नहर के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इतने में आदित्य का पैर फिसला और वह नहर में गिर गया। वह डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए बाकी तीनों दोस्त भी नहर में कूद गए। ये तीनों भी डूबने लगे तो बचाने के लिए शोर मचाया। वहां से गुजर रहे लोगों ने यह शोर सुना तो किशोरों को बचाने के लिए नहर में कूद गए। इन लोगों ने यथार्थ और सिद्धम को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन आदित्य और पीयूष हाथ नहीं लगे। बाद में इस हादसे की पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची।
50 मीटर दूर मिले शव

गोताखोर चंगेज खान ने बताया, एसडीआरएफ की टीम के साथ कोटा निगम के गोताखोर मौके पर पहुंचे। चार घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अपराह्न 3 बजे करीब घटनास्थल से तकरीबन 50 मीटर दूर आदित्य और पीयूष के शव मिल गए।
केशवरायपाटन थानाधिकारी बाबूलाल ने बताया-बच्चे कोटा के कुन्हाड़ी से यहां घूमने आए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार सेल्फी लेते समय एक नाबालिग का पैर फिसल जाने से यह हादसा हुआ।
