April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अब यह भी होना था: इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल कांग्रेस पर ही बरसे, कहा-मैंने हाथ जोड़कर कहा था, मुझे चुनाव मत लड़ाओ, बीजेपी का प्रचार कर रहे कांग्रेसी, 3 को पार्टी से निकाला

अब यह भी होना था: इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल कांग्रेस पर ही बरसे, कहा-मैंने हाथ जोड़कर कहा था, मुझे चुनाव मत लड़ाओ, बीजेपी का प्रचार कर रहे कांग्रेसी, 3 को पार्टी से निकाला

एनसीआई@नागौर

नागौर लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल ने अपनी सहयोगी पार्टी कांग्रेस पर तंज कसा है। यही नहीं, उन्होंने गठबंधन को तरबूज का ढेर बताया। जायल (नागौर) के गौराऊ गांव में रविवार रात आयोजित सभा में आरएलपी संयोजक बेनीवाल ने कहा- मैंने हाथ जोड़कर कहा था कि मुझे चुनाव में मत उतारो। मुझे 5 साल राजस्थान में लड़ाई लड़नी है। अकेला आदमी दिल्ली में नहीं लड़ सकता।

खींवसर विधायक बेनीवाल ने कहा- गठबंधन की एक पार्टी के 5 लोग खड़े होते हैं, 6 वापस बैठ जाते हैं। गठबंधन तो तरबूज के ढेर जैसा होता है। सबका एक साथ ढेर लगाया ही नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा- मैं कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गेसावत और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को बार-बार कह रहा हूं कि यहां (नागौर में) इस समय कांग्रेस के 5-7 लोग ऐसे हैं, जो कांग्रेस का दुपट्टा पहनकर भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बाहर निकालो, लेकिन, ये उन्हें पार्टी से बाहर नहीं कर पा रहे। तो फिर ये तरबूज के ढेर ही हैं, और क्या हैं? यहां पार्टियों में ही पार्टी के दुश्मन बैठे हैं, दूसरों की जरूरत ही नहीं है। हालांकि इसके अगले दिन आज सोमवार रात को कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी ज्याेति मिर्धा के रिश्ते में लगने वाले भाई सहित 3 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया।

मेरी पार्टी में ऐसा हो तो धक्का देकर बाहर निकाल दूं

बेनीवाल ने कहा- अब ये मत मानो कि ये कांग्रेस है और ये भाजपा। एक पार्टी के ही 3 धड़े हैं और 6 धड़े दूसरी पार्टी में। मेरी पार्टी में ऐसे लोग हों तो उनको कभी भी धक्का देकर बाहर निकाल दूं। आधे लोग डरकर भाग रहे हैं। फिर वो मान-सम्मान न होने की बात कहते हैं।

मैंने तो इतना मान-सम्मान दिया है कि उनको सड़क से उठाकर प्रधान बना दिया और वे अपनी गाड़ी चलाने लायक हो गए हैं। ऐसे लोग मुझसे ही मुकाबले की बात करते हैं।

जिलाध्यक्ष बोले- नाम दिए हैं, कार्रवाई होगी

इस पूरे मामल कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गेसावत से पूछा- बेनीवाल ने किन लोगों पर आरोप लगाया है जो कांग्रेस का दुपट्‌टा पहन कर भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। इस पर जाकिर हुसैन ने कहा- हां, बेनीवाल ने बताया था, हमने आगे नाम दे दिए हैं। वो हट जाएंगे। तीन-चार नाम थे। उनका नाम आलाकमान को दे दिया है।

कांग्रेस ने 3 नेताओं को 6 साल के लिए निकाला

नागौर में कांग्रेस के खींवसर विधानसभा प्रत्याशी रहे और कुचेरा नगरपालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा सहित 3 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें तेजपाल रिश्ते में नागौर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी ज्योति मिर्धा के चचेरे भाई लगते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.