अमेरिकन महिला सनातन संस्कृति से प्रभावित, इसीलिए वकील राठौड़ से की ऑनलाइन दोस्ती, उसकी बातों में आ अपनी नौकरी छोड़ आई और मकान बेच आई, मगर यहां मिला बड़ा धोखा, अजमेर पुलिस की जांच तेजी से शुरू
एनसीआई@अजमेर
अमेरिकी महिला से रेप के मामले में अजमेर पुलिस ने बूंदी पुलिस से प्राप्त एफआईआर के आधार पर अपने यहां रिपोर्ट दर्ज कर तेजी से जांच शुरू कर दी है। आरोपी वकील पर इस विदेशी महिला को जयपुर और अजमेर की होटलों में ठहराकर रेप करने का आरोप है। इस क्रम में पुलिस ने आज शुक्रवार को अजमेर की होटल के सीसीटीवी फुटेज लिए। साथ ही एफएसएल टीम ने सबूत भी जुटाए। यहां एक और यह भी बड़ी बात सामने आई कि पीड़िता सनातन संस्कृति से बेहद प्रभावित है। इसीलिए उसने फेसबुक पर राठौड़ से दोस्ती की, उस पर भरोसा किया। इसी के चलते वह अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ आई और मकान भी बेच आई। मगर यहां उसे छल मिला।
Related News:-
जांच अधिकारी डीएसपी नेमीचंद चौधरी ने बताया- पीड़ित महिला को जांच के लिए उन होटलों में ले जाया गया, जहां आरोपी वकील मानव उसे लेकर गया था। इन होटलों में एफएसएल के जरिए साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। सीआईडी ने घटना की जानकारी एम्बेसी को भी भेज दी है। राठौड़ के साथ इस मामले में और कौन लोग शामिल रहे, इस बात की भी जांच की जा रही है।

शादी का ऑफर देकर बुलाया था भारत
डीएसपी चौधरी ने बताया- बूंदी महिला थाने से अजमेर सिविल लाइन थाने को कल गुरुवार को जीरो नम्बर एफआईआर मिली थी। इसमें पीड़ित अमेरिकी महिला ने अजमेर निवासी वकील मानव सिंह राठौड़ पर खुद को अविवाहित बता, उसे शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। जबकि वह विवाहित निकला। राठौड़ ने सोशल मीडिया पर उससे दोस्ती करने के बाद शादी का ऑफर देकर भारत बुलाया था। इस पर वह 3 जुलाई को दिल्ली पहुंची। फिर वहां से जयपुर आई। यहां आरोपी वकील ने उसे होटल में रखा और रेप किया। इसके बाद अजमेर ले आया और यहां भी होटल में रख कर रेप किया।
महिला का कहना है कि उसके द्वारा शादी की जिद करने पर आरोपी वकील राठौड़ उसे नसीराबाद के एक मंदिर में ले गया। वहां अग्नि के समक्ष फेरे लेकर उससे शादी करने का नाटक किया। वह राठौड़ से उसके घर ले जाने की जिद करती थी, मगर वह टाल देता था। इस पर वह 21 जुलाई को जबरन उसके घर चली गई, तब जाकर राठौड़ की पोल खुली। उसके घर पर उसकी प्रेगनेंट पत्नी और 11 वर्षीय बेटा मिला।

पत्नी को बताया था कजिन
डीएसपी चौधरी ने बताया कि वकील राठौड़ ने फेसबुक पर पत्नी के साथ फोटो लगा रखी थी। पीड़िता के द्वारा इस फोटो के बारे में पूछने पर उसने अपनी पत्नी को कजिन बताया था।
अजमेर के अलग-अलग होटलों में जांच
डीएसपी ने बताया- पीड़िता का मेडिकल चेकअप करवा लिया गया है। उसके कोर्ट में भी बयान हो गए हैं। वह अजमेर के अरावली, मेरवाड़ा स्टेट और सेठी होटल में अलग-अलग दिन रुकी थी। इन सभी होटलों में जांच की जा रही है।
पीड़िता ने अजमेर के मेरवाड़ा होटल में अप्रेल महीने में भी 6 दिन रुकना बताया है। वह अगर होटल में रुकी तो उसका सी फॉर्म भरवाया गया या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। डीएसपी चौधरी ने बताया- आरोपी राठौड़ का एक परिचित मेरवाड़ा होटल में रहता है। इनका आपस में क्या सम्बन्ध है, यह भी देखा जा रहा है।
नए मकान में रहने का दिया झांसा
राठौड़ ने महिला पर दबाव बनाया था कि वह पेशे से वकील है, इसलिए आगे सब ठीक कर देगा। अगर उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई तो अजमेर के सभी थानों में उसके परिचित बैठे हैं, उसे तत्काल पता चल जाएगा। इसके साथ ही उसे जिंदा नहीं छोड़ने की धमकी भी दी थी। पीड़िता ने बताया कि ऐसी धमकी से परेशान होकर ही वह बूंदी चली गई और एक सामाजिक कार्यकर्ता से मिलकर उसे इस घटना की जानकारी दी।
शादी से पहले विदेश घूमने की रखी शर्त
पीड़िता ने बताया-राठौड़ ने उससे नया मकान लेने की बात कही थी। हम एक नया मकान लेंगे और उसमें रहेंगे। राठौड़ ने उससे टुकड़ों में करीब 50 हजार रुपए ऑन लाइन लिए। ये पैसे उससे गाड़ी व होटल के खर्चे के नाम पर लिए। वह अप्रेल महीने में जब यहां आई थी तो राठौड़ ने शादी के लिए शर्त रखी कि वह पहले विदेश घूम कर आए। इसके बाद वह विदेश चली गई, जहां उसके 3 लाख 50 हजार रुपए खर्च हो गए।
छर्रे लगने से आरोपी वकील घायल

इधर, आरोपी वकील मानव सिंह राठौड़ के गुरुवार देर शाम गोली लगने से घायल हो जाने की बात सामने आई। यह घटना नसीराबाद सदर थाना इलाके के राजगढ़ में हुई। नसीराबाद सदर थाने के एएसआई उगमचंद चौधरी ने बताया कि चैनपुरा ढाणी, राजगढ़ निवासी मानव सिंह राठौड़ पुत्र हेमराज सिंह के बंदूक की सफाई करते छर्रें लगने की सूचना मिली। इस पर हॉस्पिटल पहुंचे। पूछताछ में सामने आया कि बारह बोर बंदूक की सफाई करते समय राठौड़ के 3 जगह, बाएं हाथ के पंजे, बाएं घुटने और दाहिने हाथ की भुजा पर छर्रे लगे हैं।
राठौड़ ने भारत की इज्जत पर लगा दिया दाग
यहां एक बड़ी बात यह भी सामने आई कि पीड़िता अमेरिकन महिला भारत की सनातन संस्कृति से बेहद प्रभावित है। इसी के चलते उसने फेसबुक पर राठौड़ से दोस्ती की थी। राठौड़ ने भी अपने आप को सनातनी व शुद्ध शाकाहारी बताते हुए कहा था कि वह लहसुन-प्याज तक नहीं खाता है। अपने आप को आदर्श भारतीय भी बताया था। अमेरिकन महिला फेसबुक मैसेंजर पर हुई ऐसी चैटिंग से इतनी प्रभावित हुई कि भारत आ गई। यही नहीं वहां लगी हुई अपनी नर्स की नौकरी छोड़ आई और मकान भी बेच आई। मगर यहां वकील राठौड़ ने भारत की इज्जत पर दाग लगा दिया। सभी देशवासियों को शर्मसार कर दिया।
