गैंगरेप पीड़ित महिला की इलाज के दौरान मौत, दो युवकों ने अपहरण कर तीन दिन तक बंधक बना दिया था वारदात को अंंजाम
एनसीआई@पाली
औद्योगिक नगर क्षेत्र से एक महिला का अपहरण कर दो युवकों ने गैंगरेप किया। तीन दिन तक बंधक बनाकर हैवानियत करने के बाद आरोपी पीड़िता को नाले में फेंक गए। गम्भीर हालत में पीड़िता को घरवालों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसने गुरुवार रात दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की शाम 7 बजे 42 साल वर्षीय महिला रेलवे स्टेशन के पास किराना शॉप पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उसके मुंह पर रुमाल रखा, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक उसे कार में किसी सुनसान जगह ले गए। वहां उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद दोनों ने उससे रेप किया। तीन दिन बंधक रखने के बाद 5 अगस्त को देर रात आरोपी पीड़िता को सर्वोदय नगर में रेलवे लाइन के पास नाले में फेंक गए।
पुलिस में यह दर्ज कराई रिपोर्ट
सुबह 6 अगस्त को होश आने पर वह जैसे-तैसे पास के एक जनरल स्टोर पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति से मोबाइल फोन लेकर भाई को कॉल किया। भाई मौके पर पहुंचा और उसे घर ले गया। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और गैंगरेप का मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया था कि वह आरोपियों को नहीं जानती और उसे कहां रखा गया, उसे यह जानकारी भी नहीं है।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया था कि आरोपियों ने उससे बेरहमी से मारपीट भी की थी। इससे उसके कमर, मुंह सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार पीड़िता 2 अगस्त को घर नहीं पहुंची तो उसके भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पति से अलग रह रही थी पीड़िता
डीएसपी ग्रामीण रतनाराम देवासी ने बताया- पीड़िता को 6 अगस्त को घरवालों ने इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। मगर 8 अगस्त की सुबह वह वहां से बिना बताए घर चली गई थी। शाम को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे फिर से बांगड़ हॉस्पिटल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने पति से करीब 5 साल से अलग पीहर में ही रह रही थी।
