April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गैंगरेप का मुख्य आरोपी पुलिस कस्टडी से छूटकर तालाब में कूदा, डूब जाने से मौत, तड़के साढ़े तीन बजे क्राइम सीन पर ले जा रही थी पुलिस

गैंगरेप का मुख्य आरोपी पुलिस कस्टडी से छूटकर तालाब में कूदा, डूब जाने से मौत, तड़के साढ़े तीन बजे क्राइम सीन पर ले जा रही थी पुलिस

एनसीआई@गुवाहाटी

असम के नगांव जिले में 14 साल की नाबालिग लड़की से गैंगरेप के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की आज शनिवार तड़के डूब जाने से मौत हो गई। वह पुलिस हिरासत से भागने के दौरान तालाब में कूद गया था।

नगांव के एसपी स्वप्निल डेका ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। आज तड़के साढ़े तीन बजे उसे घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए लेकर जा रहे थे। एसपी के मुताबिक, इस‌ दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी पर हमला किया और हिरासत से भागकर तालाब में कूद गया। इस हमले में पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। इस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के तालाब में कूदने के तुरंत बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। लगभग दो घंटे की तलाश के बाद आरोपी का शव तालाब से बरामद किया गया।

ग्रामीणों ने आरोपी के जनाजे का बहिष्कार किया

मृतक आरोपी के गांव बोरभेटी में लोगों ने उसके अंतिम संस्कार में भाग नहीं लेने का फैसला किया है। लोगों ने गांव के कब्रिस्तान में उसे दफनाने की इजाजत भी नहीं दी।

गांव के एक बुजुर्ग मोहम्मद शाहजहां अली चौधरी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि ग्रामीणों ने शनिवार सुबह बैठक कर तीन फैसले लिए हैं। हमने गांव के कब्रिस्तान में उसे दफनाने की अनुमति नहीं देने, उसके जनाजे में शामिल नहीं होने और उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला किया है।

बुजुर्ग ने कहा, गांव के युवक के अपराध ने हमें शर्मसार कर दिया है। हम उसे सामुदायिक कब्रिस्तान में दफनाने की इजाजत नहीं दे सकते। घटना के विरोध में गांव की मस्जिद से एक मार्च भी निकाला गया।

ट्यूशन से लौट रही लड़की से किया था गैंगरेप 

थानगांव के ढींग में गुरुवार, 22 अगस्त की शाम 14 साल की लड़की से तीन लोगों ने गैंगरेप किया था। पीड़िता अपनी साइकिल पर ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार तीन लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद आरोपी लड़की को एक तालाब के पास सड़क किनारे घायल और बेहोश हालत में छोड़कर भाग गए। स्थानीय लोगों ने उसे देखा तो अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने इस मामले के तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें से ही एक की मौत हो गई है। एक अभी भी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना के विरोध में पूरे असम में जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

कई संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को ढींग बंद रहा। पुलिस डीजीपी जीपी सिंह के ढींग पहुंचने पर इलाके में तनाव और बढ़ गया। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। सामाजिक संस्थानों और राजनीतिक दलों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और महिलाओं-लड़कियों के लिए सुरक्षा की मांग की। नगांव गैंगरेप के खिलाफ लोगों ने शनिवार, 24 अगस्त को भी विरोध-प्रदर्शन किया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।

सीएम ने बताया मानवता के खिलाफ अपराध

इस घटना की सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध करार दिया था। साथ ही कहा था कि किसी भी दोषी को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने खुद राज्य के डीजीपी को इसकी जांच पर नजर रखने को कहा था। वहीं, पीड़िता का नगांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज जारी है।‌ सीएम ने उसे बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के साथ उसकी सुरक्षा के प्रबंध करने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.