राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कर दी बड़ी घोषणा-गहलोत के द्वारा गठित किए गए 6-7 नए जिले खत्म होंगे, जाने किन नवगठित जिलों का उन्होंने लिया नाम
एनसीआई@भीलवाड़ा
राज्य की तत्कालीन गहलोत सरकार ने कई नए जिले गलत बना दिए थे। विधानसभा क्षेत्र को ही जिले घोषित कर दिए गए थे। सांचौर और केकड़ी जैसे नाम इनमें शामिल हैं। ये केवल तुष्टिकरण के लिए किया गया था। इन्हें हम खत्म करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आज रविवार को यह बड़ी घोषणा की। वह सुबह करीब 9 बजे यहां जैन संत आचार्य राम मुनि के दर्शन करने आए थे। इस दौरान उन्होंने सांसद दामोदर अग्रवाल के घर मीडिया से बातचीत की। यहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने आगे कहा- इसके लिए हमने एक कमेटी बनाई है, जिसने अध्ययन भी किया है। हालांकि कई जिलों की मांग वाजिब है, लेकिन जिनकी मांग नहीं है, उन्हें हम हटाएंगे। जिनकी जरूरत नहीं है, वहां क्यों जिले बनाए गए? सिर्फ जनप्रतिनिधियों को खुश करने के लिए कुछ जिले बना दिए गए। जनता में भी इसका विरोध है। ऐसे 6-7 जिले हैं, जिन्हें हम समाप्त करेंगे। प्रारम्भ में भीलवाड़ा पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
सदस्यता देना या नहीं देना, हमारा अधिकार
राठौड़ ने निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी के भाजपा की सदस्यता लेने के ज्वलंत सवाल पर कहा- सदस्यता देना या ना देना इसका अधिकार हमारे पास सुरक्षित है। केवल मिस्ड कॉल मारकर कोई व्यक्ति बीजेपी का सदस्य नहीं बन जाता है। ऐसे तो कोई भी आतंकवादी हमारा सदस्य बन जाएगा। इसे हम स्वीकार नहीं करेंगे। हालांकि कोठारी ने सदस्यता ली है या नहीं, ये हमने केवल सुना है, हमारे पास ऐसी कोई सूचना नहीं है। ऐसे तो कोई भी आतंकवादी बीजेपी का सदस्य बन जाएगा। इसलिए सदस्यता सोच विचार कर दी जाती है। सदस्यता देने का अधिकार अध्यक्ष के पास सुरक्षित है।
विपक्ष का काम मुद्दे उठाना, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा ही नहीं
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को निर्दलीय विधायक कोठारी की विधायकी समाप्त करने के लिए भेजे लेटर से सम्बंधित सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा- विपक्ष का काम ही मुद्दे उठाने का है, लेकिन कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह विपक्ष में है तो और क्या करेंगे। विपक्षी तो मुद्दे ढूंढेगा, लेकिन उनके पास कोई मुद्दा है नहीं, कांग्रेस के पास कुछ भी नहीं है। उनका काम केवल कमी निकालना है और वो कमी निकाल रहे हैं।

कमी ढूंढ़ो, सही सुझाव दो, हम स्वीकार करेंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कमी ढूंढो, सही सुझाव दो, हम स्वीकार करने के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस को केवल विरोध करना है, इसलिए विरोध कर रहे हैं। कहीं से कुछ भी मिले, उस पर विरोध करना है। यह क्या मुद्दा है। वह अपना परिवार संभाले, उनका अपना काम करें।
राठौड़ ने कहा- अरे भाई हम दूध पीते हैं, हम कसरत करते हैं, तो पड़ोसी की पेंट क्यों खराब होती है। यह समझ में नहीं आ रहा। सदस्यता देना, नहीं देना यह हमारे अधिकार में है। यह उनकी भावना है। उनके मन में लगा, उन्होंने किया होगा, यह मैं सुन रहा हूं। वह सदस्य बने हैं या नहीं बने हैं, ऐसी मेरे पास कोई सूचना नहीं है। इस समय लगभग 8 लाख सदस्य राजस्थान में बने हैं। हम छानबीन करेंगे, देखेंगे क्या है। कौन-कौन आए हैं। कई बार अवांछित लोग भी आ जाते हैं, तो उन पर विचार करना होता है।
