April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

धर्मसभा में आरएलपी के कार्यकर्ताओं का भाजपा नेताओं के खिलाफ जोरदार हंगामा, झंडे लहराए, मंच पर पहुंच हनुमान बेनीवाल ने कहा-हमारी राजनीति से कुछ लोगों के पेट में दर्द, गुस्साए आयोजक ने हमेशा के लिए इस धर्म सभा की समाप्ति की घोषणा की

धर्मसभा में आरएलपी के कार्यकर्ताओं का भाजपा नेताओं के खिलाफ जोरदार हंगामा, झंडे लहराए, मंच पर पहुंच हनुमान बेनीवाल ने कहा-हमारी राजनीति से कुछ लोगों के पेट में दर्द, गुस्साए आयोजक ने हमेशा के लिए इस धर्म सभा की समाप्ति की घोषणा की

एनसीआई@नागौर

जिले के खरनाल में शुक्रवार को वीर तेजाजी के मेले में आयोजित धर्मसभा में खासा हंगामा हो गया। इसकी शुरुआत मंच पर बुलाए गए भाजपा नेताओं के बैठने से हुई। सभा में मौजूद लोग इनका विरोध करने लगे। हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी के कार्यकर्ता बताए जा रहे ये लोग पार्टी का झंडा लहरा रहे थे। इस बीच लोगों ने माइक उखाड़ दिया। बार-बार अपील करने के बावजूद भी हंगामा शांत नहीं हुआ तो मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष भंवरूराम धौलिया ने धर्मसभा समाप्ति की घोषणा कर दी। इसके साथ ही इस धर्मसभा को आगे से कभी आयोजित नहीं करने की बात भी कही।

उल्लेखनीय है कि धर्मसभा में पहले से ही सांसद हनुमान बेनीवाल के समर्थक बड़ी संख्या में झंडे लेकर मौजूद थे। इस बीच मंच पर जब भाजपा नेता रेवतराम डागा को सम्मान के लिए बुलाया गया तो इन्होंने हंगामा कर दिया। आरएलपी के कार्यकर्ता भाजपा नेता को मंच से उतारने की मांग करते हुए जोरदार शोर मचाने लगे। इस बीच मंच से लगातार अपील की जाती रही कि धर्मसभा को राजनीति का अखाड़ा मत बनाइये। मगर इस अपील का हंगामा कर रहे लोगों पर कोई असर नहीं हुआ। तब जाकर धर्मसभा समाप्ति की घोषणा करते हुए कहा गया कि यह अब कभी नहीं होगी।

इस दौरान कुछ युवा हाथों में आरएलपी के झंडे लेकर बल्लियों पर चढ़ गए। ये नारेबाजी के साथ हंगामा भी कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें समझाने का प्रयास किया तो ये उलटे उस पर पत्थर फेंकने लगे।

हर साल मंच पर बैठते आए हैं नेता

गौरतलब है कि वीर तेजाजी के मेले में हर साल आयोजित होने वाली धर्मसभा में जनप्रतिनिधि और नेता मंच पर बैठते हैं। आज भी धर्मसभा शुरू हुई तो कुछ नेता मंच पर पहुंचे। नागौर के पार्षद गोविंद कड़वा ने आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल के मंच पर आने की घोषणा की। इस बीच भाजपा नेता रेवंतराम डांगा और अर्जुन महरिया भी मंच पर पहुंच चुके थे। इनके पहुंचते ही बेनीवाल समर्थक कुछ युवा नारेबाजी करने लगे। इन्हें दूसरे लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन नारेबाजी नहीं रुकी।

बेनीवाल मंच पर पहुंचे और बोले-हमारी राजनीति से पेट में दर्द

तनाव भरे माहौल को देखते हुए पुलिस ने मंच पर मौजूद नेताओं के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना लिया।‌ मगर हंगामा नहीं रुकता देख धर्मसभा को समाप्त कर दिया गया। तभी भारी हंगामे के बीच सांसद हनुमान बेनीवाल मंच पर पहुंचे और कहा कि हमारी राजनीति को देखकर कुछ लोगों के पेट में दर्द होने लगा है। तेजाजी मंदिर में दर्शन करने और धर्मसभा में शामिल होने के लिए सांसद हनुमान बेनीवाल अपने काफिले के साथ पहुंचे थे।

सोशल मीडिया पर लिखा-भोपा को भाजपा का दुपट्‌टा पहनाया

इसके बाद सांसद बेनीवाल ने सायं 7 बजे के करीब सोशल मीडिया पर लिखा- उपराष्ट्रपति का दौरा होने के बावजूद नागौर जिले की पुलिस का इंटेलिजेंस फेलियर नजर आया। लोगों को घंटों तक इंतजार करने के बाद भी खरनाल में तेजाजी के दर्शन के बिना लौटना पड़ा।

2008 के बाद खरनाल में तेजाजी का मेला परवान चढ़ने लगा और इस बात से कई लोगों को परेशानी होने लगी। तेजाजी में सर्व समाज की आस्था है और भाजपा के कुछ लोगों ने तेजाजी के मंदिर के भोपा को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर धार्मिक कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने का प्रयास किया। इस वजह से लोगों में भाजपा के प्रति भारी आक्रोश नजर आया। मैंने मौके पर जाकर अव्यवस्थाओं को संभाला। नहीं तो बड़ी भगदड़ हो सकती थी।

ज्योति मिर्धा ने लिखा-उल्टी-सीधी बयानबाजी कर रहे बेनीवाल

भाजपा नेता ज्योति मिर्धा ने हनुमान बेनीवाल पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- तेजा दशमी के पावन अवसर पर परम् आराध्य लोक देवता श्री तेजाजी महाराज की जन्मस्थली खरनाल दर्शन के लिए आज नागौर से निकाली गई पैदल यात्रा में छत्तीस कौम द्वारा दिखाए गए स्नेह, आशीष और अपनत्व को देखकर सांसद हनुमान बेनीवाल बौखला गए हैं। इसलिए मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर उल्टी-सीधी बयानबाजी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.