जाली नोटों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी का भंडाफोड़, समाजवादी पार्टी के दो बड़े नेताओं सहित 10 गिरफ्तार, व्हील चेयर पर गिड़गिड़ाए-‘माफ करो साहब’
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में जाली नोटों का कारोबार करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में पुलिस ने सामाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
एनसीआई@लखनऊ
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में जाली नोटों का कारोबार करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में जाली नोटों की तस्करी में समाजवादी पार्टी के बड़े नेता सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सामाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव रफी खान उर्फ बबलू गैंग का मास्टरमाइंड है। रफी खान का नेपाल-यूपी-बिहार व सीमावर्ती इलाकों में जाली नोट कारोबार का नेटवर्क था।

गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों में से एक अन्य नौशाद खान भी समाजवादी पार्टी के ‘सांस्कृतिक प्रकोष्ठ’ का उपाध्यक्ष बताया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान औरंगजेब, मोहम्मद रफी, नौशाद खान, परवेज इलाही उर्फ कौसर अफरीदी, शेख जमालुद्दीन, नियाजउद्दीन उर्फ मुन्ना, रेहान खान उर्फ सद्दाम, मोहम्मद रफीक उर्फ बबलू खान, हाशिम खान, और सिराज हशमती के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों को मीडिया के सामने लाई तो इनमें से 4 के पैरों पर प्लास्टर चढ़े हुए थे। व्हील चेयर पर 1, 2, 3 और 4 नम्बर की तख्ती थी। उस पर बैठे हुए आरोपी हाथ जोड़कर कह रहे थे-‘माफी साहब’।

एसपी ने बताया पूरा घटनाक्रम
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा- तमकुहीराज कस्बे में शनिवार देर रात एक जगह दावत चल रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि वहां नकली नोटों का सौदा होने वाला है। इस पर वहां कई थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों में भगदड़ मच गई। हथियारबंद 5 बदमाशों को हिरासत में लिया गया। 4 आरोपी भगदड़ में गिरकर घायल हो गए।
हिरासत में लिए गए बदमाशों की निशानदेही पर 5 अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। गिरोह मोहम्मद रफीक अहमद उर्फ बबलू चला रहा था। वह समाजवादी लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव है।

यह है आरोपियों का आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया- रफी अहमद पर जिले के कई थानों पर 11 गम्भीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्य औरंगजेब पर 8 गम्भीर मुकदमे, नौशाद पर 4 मुकदमे, परवेज इलाही पर 8 मुकदमे, शेख जमालुद्दीन पर 4 मुकदमे और नियाजुद्दीन उर्फ मुन्ना पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
असली नोटों के साथ जाली नोट चलाए
पुलिस ने बताया- सपा नेता रफी अहमद का एक संगठित गिरोह है। ये काफी समय से जाली नोटों को बाजार में असली नोटों के साथ चला रहा था। यह विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा भी करते थे। इसके लिए गैंग के गुर्गे बंदूक और विस्फोटक के दम पर लोगों को डराते-धमकाते थे। फिर उसी जमीन को ऊंचे दामों में बेचकर कमाई करते थे।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बिहार के सिवान का रहने वाला जितेन्द्र यादव, गोपालगंज का मनीष कुमार व कमरुद्दीन सहित 4 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने इन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक स्केनर और प्रिंटर की मदद से समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद रफीक खान उर्फ बबलू की सरपरस्ती में ही जाली नोट का कारोबार नेपाल के रास्ते किया जाता था।
आरोपियों से यह हुई है बरामदगी
कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र से पुलिस ने 5.62 लाख के नकली नोट, 1.10 लाख के असली नोट और 3000 नेपाली मुद्रा के साथ 10 देसी तमंचा, 30 जिंदा कारतूस, 12 खोखा कारतूस, 4 सूतली बम, 8 लेपटॉप, 13 मोबाइल,10 फर्जी आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, 2 नेपाली सिम सहित 26 फर्जी दस्तावेजों से खरीदे गए सिम तथा 2 लग्जरी चार पहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं।

अपराधियों को भेजा गया जेल
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया- थाना तमकुहीराज, तरयासुजान, सेवरही और थाना साइबर की संयुक्त पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जाली नोटों की खरीद फरोख्त करने वाले 10 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। थाना तमुकहीराज में आरोपियों के खिलाफ BNS व 3/25 आर्म्स एक्ट और 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस गिरोह के सदस्यों का नेपाल आना-जाना होता था। पुलिस इस मामले की गम्भीरता से जांच कर रही है।
