देश विरोधी नारे लगाने वाले फैजल ने 21 बार दी तिरंगे को सलामी, हर बार बोला-भारत माता की जय (वीडियो देखें)
देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मध्य प्रदेश के युवक फैजल ने जमानत की शर्त के अनुसार थाने में जाकर पूरी की यह प्रक्रिया। अब यह अलग बात है कि उसने ऐसा दिल से किया होगा या कानून के दबाव से।
एनसीआई@भोपाल
देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए फैजल ने मंगलवार को हाईकोर्ट के आदेश पर तिरंगे को 21 बार सलामी दी और भारत माता की जय के नारे लगाए। हाईकोर्ट के निर्देश के तहत उसने ऐसा मिसरोद थाने में किया।
इस मौके पर उसने पूर्व में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और ‘भारत मुर्दाबाद’ नारा लगाने पर पश्चाताप भी जाहिर किया। उसने कहा कि रील बनाते हुए उसने गलती से वह नारा लगा दिया था।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच ने फैजल को जमानत देते हुए शर्त लगाई थी कि उसे मामले का निपटारा होने तक भोपाल के मिसरोद थाने में महीने के हर पहले और चौथे मंगलवार को तिरंगे को सलामी देने के साथ ‘भारत माता की जय’ का नारा भी लगाना है। इसी आदेश के तहत आज मंगलवार से फैजल ने इसकी शुरुआत कर दी है।
जस्टिस ने की थी सख्त टिप्पणी
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच के जस्टिस डीके पालीवाल ने 15 अक्टूबर को दिए आदेश में कहा था कि आरोपी को कुछ शर्तें लगाकर जमानत पर रिहा किया जा सकता है, जिससे उसके अंदर उस देश के प्रति जिम्मेदारी और गर्व की भावना पैदा हो, जहां वह पैदा हुआ और रह रहा है। अदालत ने कहा, ‘वह खुलेआम उस देश के खिलाफ नारे लगा रहा है, जिसमें वह पैदा हुआ और पला-बढ़ा है।’
आरोपी फैजल उर्फ फैजान को मई में भोपाल के मिसरोद थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153बी (राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप, बयान) के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि फैजान ने पाकिस्तान के समर्थन और भारत के विरोध में नारा लगाया था। अभियोजन पक्ष ने हाईकोर्ट में दलील दी कि उसकी करतूत विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के समान है और सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के लिए खतरनाक है। बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी कि उसके मुवक्किल को झूठे आरोप में फंसाया गया है। इस पर राज्य सरकार के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आवेदक एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
