April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीएम भजनलाल शर्मा ने दिवंगत एएसआई सुरेन्द्र सिंह के परिवार से की मुलाकात, हर सम्भव मदद का दिया आश्वासन, पत्नी ने बच्चों की सरकारी नौकरी की मांग की

सीएम भजनलाल शर्मा ने दिवंगत एएसआई सुरेन्द्र सिंह के परिवार से की मुलाकात, हर सम्भव मदद का दिया आश्वासन, पत्नी ने बच्चों की सरकारी नौकरी की मांग की

एनसीआई@कोटपूतली-बहरोड़

सीएम भजनलाल शर्मा आज नीमराना कस्बे में स्थित दिवंगत एएसआई सुरेन्द्र सिंह चौधरी के पैतृक गांव माजरा काठ पहुंचे और उनके शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। सबसे पहले सीएम ने एएसआई चौधरी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सीएम ने सुरेन्द्र सिंह की पत्नी, बेटा-बेटी तथा माता-पिता से मुलाकात की। साथ ही परिवार को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान सीएम के साथ कोटपूतली-बहरोड जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल और विराट नगर विधायक कुलदीप धनकड़ भी मौजूद रहे।

सुरेन्द्र सिंह की पत्नी ने की कई मांगें

एएसआई सुरेन्द्र सिंह की पत्नी सविता ने इस मौके पर सीएम को ज्ञापन सौंप उनके पति को शहीद का दर्जा देने, बेटे को नायब तहसीलदार के पद पर नौकरी देने व बेटी को राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी देने की मांग की। साथ ही सुरेन्द्र सिंह की नौकरी के कार्यकाल तक पूरी सैलरी देने और उसके बाद नियमानुसार पेंशन देने की मांग की।

इस पर सीएम भजनलाल ने सविता चौधरी को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। परिजनों से मुलाकात के बाद सीएम माजरा काठ से रीको ऑफिस के लिए रवाना हो गए। जहां पर रीको में उद्योगपतियों के साथ बैठक की।

करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे सीएम

उल्लेखनीय है कि जयपुर में डीपीएस स्कूल के पास अजमेर हाईवे पर हुए भीषण हादसे के चलते सीएम तय समय से करीब 2 घंटे देरी से माजरा काठ गांव पहुंचे। वह जयपुर से हेलीकॉप्टर में रवाना होकर रैफल्स यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर दोपहर 2.40 बजे पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

ये रहे मौजूद

सीएम के साथ वन मंत्री संजय शर्मा, विराट नगर विधायक कुलदीप धनकड़, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत, अलवर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, तिजारा विधायक महंत बालकनाथ, पूर्व विधायक मनजीत चौधरी, कोटपूतली-बहरोड एसपी दुष्यंत राजन, बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, बीजेपी जिला अध्यक्ष उम्मेद सिंह भाया, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित यादव, जिला उपाध्यक्ष कपिल वैद्य, तिजारा के पूर्व विधायक मामन सिंह यादव, किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव आदि भाजपाई मौजूद रहे।

ऐसे हुई थी एएसआई सुरेन्द्र सिंह की मौत

उल्लेखनीय है कि 11 दिसम्बर को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में घुस आई एक अनियंत्रित टेक्सी कार की टक्कर से एएसआई सुरेन्द्र सिंह (52) का निधन हो गया था। यह हादसा जयपुर के जगतपुरा में अक्षयपात्र सर्किल पर हुआ था। सीएम के काफिले के लिए चौराहे पर ट्रेफिक को रोका हुआ था। तभी गलत साइड से एक टेक्सी कार आई। ठीक उसी समय वहां से सीएम का काफिला निकल रहा था। इस मौके पर तैनात एएसआई सुरेन्द्र सिंह ने उस टेक्सी कार को रोकने की कोशिश की तो उसने उन्हें ही टक्कर मार दी। इस टक्कर से सुरेन्द्र सिंह के सिर में गम्भीर चोट आई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। इस हादसे में 4 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.