10 वीं कक्षा की छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी, ससुरालवालों ने कर लिया अपहरण, लोगों ने रोकने की कोशिश की तो फायरिंग कर दी
एनसीआई@डीग
डीग जिले के में सोमवार को स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। पहाड़ी थाना इलाके में शाम करीब साठे चार बजे करीब बदमाश 10 वीं कक्षा छात्रा काे जबरन बोलेरो में डालकर ले गए। जब वहां मौजूद लोगों ने छात्रा को बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक बोलेरो स्कूली बच्चों के पास आकर रुकती है। फिर दो बदमाश बच्ची को जबरन उठाकर गाड़ी में डाल लेते हैं। नाबालिग के पिता ने पहाड़ी थाने में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि य अपहरण छात्रा के ससुराल वालों ने किया है।
एक साल पहले हो चुकी है शादी
अपहृत नाबालिग के पिता ने बताया- एक साल पहले 14 साल की बेटी की शादी गोपालगढ़ इलाके के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के बाद जैसे ही वह ससुराल गई तो ससुराल वाले उससे दहेज की मांग करने लगे। इसके बाद मैं बेटी को अपने घर ले आया। तब से वह हमारे साथ ही रह रही थी।
पिता ने बताया- बेटी आज अर्द्धवार्षिक परीक्षा का पेपर देने के लिए स्कूल गई थी। पेपर देने के बाद जैसे ही वह स्कूल के गेट से बाहर आई तो उसके ससुराल वालों ने उसके सिर (कनपटी) पर देसी कट्टा लगा दिया।
इसके बाद जब बेटी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग उसे बचाने के लिए पहुंचे। एक आरोपी ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी नाबालिग को बोलेरो में डालकर ले गए। मामले में पहाड़ी थाना अधिकारी बनी सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
