राजस्थान: वार्डन पर छात्र को हॉस्टल की छत से फेंकने का आरोप, आठ दिन बाद हो गई मौत, आरोपी सहित दो अध्यापक गिरफ्तार
एनसीआई@करौली
कुडगांव थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव स्थित निजी आवासीय स्कूल सरस्वती विद्या मंदिर के वार्डन पर एक छात्र को हॉस्टल की छत से नीचे फेंक देने का आरोप लगा है। इससे गम्भीर घायल हुए छात्र की आठ दिन बाद मौत हो गई। यहां एक और बड़ी बात यह है कि इस घटना के तीन दिन तक तो स्कूल ने अभिभावकों को सूचना ही नहीं दी।

जो मामला सामने आया है उसके अनुसार कक्षा 7वीं का छात्र दिलराज मीणा (14) पुत्र राम अवतार मीणा के साथ यह घटना हुई है।पुलिस ने वार्डन सहित दो अध्यापकों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी ने यह बताया
सपोटरा डीएसपी कन्हैयालाल ने बताया- गांवड़ा मीणा निवासी दिलराज मीणा (14) पुत्र राम अवतार मीणा सलेमपुर गांव स्थित एक निजी आवासीय स्कूल में 7वीं कक्षा का छात्र था। परिजन का आरोप है कि 13 दिसम्बर को छात्र हॉस्टल की छत पर नहाने के लिए जा रहा था। वार्डन ने उसे छत (एक मंजिल) से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी छाती और पैर में चोट आई। इसके बावजूद स्कूल प्रशासन ने तीन दिन तक घरवालों को कोई सूचना नहीं दी। इस पर खुद घायल छात्र दिलराज ने ही किसी का मोबाइल फोन लेकर घर पर जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने 17 दिसम्बर को उसे गंगापुर सिटी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां बच्चे की हालत में सुधार नहीं होने पर 18 दिसम्बर को परिजन उसे करौली के जिला अस्पताल लेकर आए। यहां से 21 दिसम्बर (शनिवार) को बच्चे को गम्भीर अवस्था में जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई।

शनिवार रात ही करौली अस्पताल लौटे
परिजन शनिवार रात 11 बजे शव को लेकर वापस करौली जिला अस्पताल पहुंचे और मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में जमा हो गए। रविवार सुबह 9 बजे ग्रामीणों ने जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, आरोपी अध्यापक की गिरफ्तारी और आवासीय स्कूल को सीज करने की मांग की। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर करौली की कार्यवाहक एसडीएम कौशल गर्ग को ज्ञापन भी सौंपा।

करौली विधायक दर्शन सिंह, सपोटरा डीएसपी कन्हैयालाल और करौली की कार्यवाहक एसडीएम कौशल गर्ग ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया गया।
सपोटरा डीएसपी कन्हैयालाल ने बताया- मामले में दो आरोपी अध्यापकों को गिरफ्तार किया है। जांच की जा रही है। परिजन और ग्रामीणों की मांग पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

बिसरा रिपोर्ट आने पर पता चलेगा मौत का कारण
करौली जिला अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. शिशुपाल मीणा ने बताया- छात्र के पैर में चोट के निशान मिले हैं। प्राथमिक तौर पर सीने में चोट के निशान नहीं मिले। बिसरा के लिए सेम्पल भेजे हैं। इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चोट और मौत के कारण का पता लगेगा। मृतक दिलराज के तीन भाई और दो बहनें हैं। पिता मजदूरी करते हैं।
