पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के काफिले की पुलिस गाड़ी तीन बार पलटी, 7 पुलिसकर्मी घायल, बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
एनसीआई@पाली
जिले के बाली क्षेत्र में रविवार को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के काफिले में शामिल पुलिस की बोलेरो गाड़ी के साथ बड़ा हादसा हो गया। अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित होकर तीन बार पलट गई। इस हादसे में 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें बाली हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 पुलिसकर्मियों को ज्यादा चोटें आई हैं। इन सभी को बाली हॉस्पिटल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वसुंधरा राजे मंत्री ओटाराम देवासी की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करके उनके घर से लौट रहीं थीं। इस दौरान बाली और कोट बालियान के बीच एस्कॉर्ट करते हुए चल रही पुलिस की बोलेरो गाड़ी बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलट गई।
तीन बार पलटी, पिलर से टकराकर रुकी
हादसा बाली थाने से 500 मीटर पहले हुआ। पुलिस की गाड़ी 3 पलटी खाते हुए एक चाय की दुकान के आगे पिलर से टकराकर रुक गई। हादसे में एसआई भागचंद पुत्र भंवरलाल, कॉन्स्टेबल अभिषेक पुरी (25) पुत्र किशन सिंह, नवीन (35) पुत्र मुकुंद राम, जितेंद्र (28) पुत्र डूंगाराम, राम प्रसाद (30) पुत्र पूरणमल, सूरज (36) पुत्र रामसहाय और ड्राइवर रूपाराम (30) पुत्र रामनिवास घायल हो गए।

इन घायल पुलिसकर्मियों को बाली अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाली विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, पाली सांसद पीपी चौधरी, कलेक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री, पाली एसपी चूनाराम जाट मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
डिप्टी एसपी राजेश यादव ने बताया- पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को एस्कॉर्ट कर रही एक गाड़ी के सामने अचानक एक बाइक सवार ने टर्न लिया। इससे एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी पलट गई और उसमें बैठे पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि उन्हें ज्यादा गम्भीर चोटें नहीं आई हैं। एहतियात के तौर पर घायलों को सुमेरपुर ले जाया गया है, जहां सीटी स्केन आदि आवश्यक जांचें करवाई गईं।

पुलिस की गाड़ी में बैठे थे 7 पुलिसकर्मी
प्रत्यक्षदर्शी भाजपा नेता रमेश परिहार ने बताया- पुलिस की बोलेरो के पीछे उनकी गाड़ी थी। हादसे के बाद वे तुरंत नीचे उतरे और घायल पुलिसकर्मियों को हॉस्पिटल पहुंचाने में मदद की। बोलेरो में 7 पुलिसकर्मी बैठे थे। इनमें से 3 पुलिसकर्मियों को ज्यादा चोटें आई हैं।

