बूंदी में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर 30 जनवरी को
एनसीआई@बून्दी
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 30 जनवरी को नैनवां रोड पर पावर हाउस के सामने स्थित होटल शगुन में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी भैरू प्रकाश नागर ने बताया कि इस शिविर में राज्य एवं राज्य से बाहर की विभिन्न निजी कम्पनियां भाग लेंगी। शिविर में बेरोजगार आशार्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। निजी क्षेत्र के नियोजक बेरोजगार आशार्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया सम्पादित करेंगे। साथ ही कौशल प्रशिक्षण संस्थान आरएसएलडीसी प्रशिक्षण के लिए बेरोजगार आशार्थियों का चयन करेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान बेरोजगार आशार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
निजी कम्पनियों द्वारा टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, सेल्स मैनेजर, टेक्निकल ऑपरेटर, सिक्योरिटी सर्विस आदि पदों के लिए चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 वीं, 12 वीं, स्नातक, डिप्लोमाधारी, कम्प्यूटर जानकारी व आईटीआई है। इच्छुक बेरोजगार आशार्थी अपने मूल दस्तावेज मय छाया प्रतियों के तथा पांच पासपोर्ट साइज के फोटोग्राफ के साथ शिविर में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाएं।
