April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

केशवरायपाटन की गेण्डोली-फौलाई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं पूर्ण, 18 को स्पीकर ओम बिरला करेंगे लोकार्पण, 17 गांव होंगे लाभांवित

केशवरायपाटन की गेण्डोली-फौलाई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं पूर्ण, 18 को स्पीकर ओम बिरला करेंगे लोकार्पण, 17 गांव होंगे लाभांवित

4 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित, 17 गांवों के सैकड़ों किसानों को मिलेगा लाभ

एनसीआई@बूंदी

जिले के केशवरायपाटन क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 123.87 करोड़ रुपए की लागत से क्षेत्र की दो प्रमुख लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं गेण्डोली और फौलाई  का कार्य पूर्ण हो चुका है। इन परियोजनाओं से 17 गांवों की करीब 4 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण 18 जून को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।

गेण्डोली परियोजना

ग्राम लोहली के पास मेज नदी पर स्थापित इस लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से गेण्डोली कला, गेण्डोली खुर्द, गेण्डोली की झोपड़ियां, जड़ोल, महुआ, गुथा और नया गांव सहित 7 गांवों की 1987.84 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इस परियोजना पर 67.52 करोड़ रुपए की लागत आई है। इनटेक वेल, जेक वेल, सोलर स्टेशन, सड़क, डिग्गियों और पाइप लाइन नेटवर्क सहित सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। विद्युत कनेक्शन स्थापित किया जा चुका है और टेस्टिंग प्रक्रिया प्रगति पर है।

फौलाई परियोजना

इस परियोजना से मैसखेड़ा, गोपालपुरा, गोठड़ा, जगन्नाथपुरा, जजुरियान, कुआगांव, लोहली, मुरंखुड़ा, फौलाई और बिरामपुरा गांवों की 1997.78 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। परियोजना पर 56.35 करोड़ रुपए का व्यय हुआ है। सभी सिविल कार्यों सहित विद्युत कनेक्शन और पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। फिलहाल परीक्षण प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

किसानों को मिलेगा स्थायी लाभ

इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र के किसान अब केवल मानसून पर निर्भर नहीं रहेंगे। रबी और खरीफ दोनों सीजन में फसल उत्पादन बढ़ेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और गांवों में आजीविका की स्थायित्व आएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, टेस्टिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कर किसानों को जल्द लाभ देने की दिशा में कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.