April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

केशवरायपाटन क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात, लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

केशवरायपाटन क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात, लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

बिरला ने कहा: गेंडोली और फौलाई सिंचाई परियोजना ‘हर खेत तक पानी’ के संकल्प की दिशा में सशक्त कदम

एनसीआई@बूंदी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को 123.87 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गेंडोली और फौलाई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से केशवरायपाटन क्षेत्र के 17 गांवों की लगभग 4,000 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाना हमारा संकल्प है, और यह तभी संभव है जब हर खेत तक पानी पहुंचे और किसान को समृद्धि का आधार मिल सके। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से अब पूरे वर्ष जल उपलब्ध रहेगा, जिससे किसान तीन फसलें तक लेने में सक्षम होंगे। इस दौरान जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

जल्द मिलेगा नौनेरा बांध का भी पानी

बिरला ने कहा कि कुछ महीनों में नौनेरा बांध का जल इस क्षेत्र में उपलब्ध होगा, जिससे खेतों के साथ-साथ घर-घर तक नल से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी लिफ्ट सिंचाई योजनाएं उन सभी क्षेत्रों में शुरू की जानी चाहिए, जहां किसानों को उनकी सर्वाधिक आवश्यकता है। यह न केवल कृषि उत्पादन को बढ़ावा देंगी, बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ाएंगी।

बेहतर सड़क सम्पर्क से विकास को मिलेगी गति

बिरला ने कहा कि सिंचाई के साथ-साथ क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 58 करोड़ की लागत से गेण्डोली–बजरंगगढ़–मानपुर–सुसारिया मार्ग पर सड़क तथा 27 करोड़ की लागत से उनियारा–बून्दी मार्ग पर मेज़ नदी पर उच्च स्तरीय पुल की स्वीकृति मिल चुकी है। इन परियोजनाओं से वे गांव भी सड़क नेटवर्क से जुड़ सकेंगे, जो अब तक इससे वंचित थे। हमने दशकों से लम्बित कार्यों को अगले तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया है।

किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि: रावत

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि किसानों के हित में यह परियोजना एक बड़ी उपलब्धि है, जो वर्षों से लंबित थी। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सतत प्रयासों और समन्वय से यह कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि इस परियोजना का लोकार्पण वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के दौरान हुआ, जो एक सुखद संयोग है। रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसान कल्याण की दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, प्रधान वीरेन्द्र हाड़ा, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.