सरकारी अस्पताल से 3 दिन का बच्चा चोरी, नर्स की ड्रेस में आई थी महिला, जांच करवाने के बहाने ले गई नवजात
एनसीआई@राजसमंद
राजसमंद के सरकारी अस्पताल (श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल) से सोमवार को दोपहर ढाई बजे करीब तीन दिन का नवजात बच्चा चोरी हो गया। आरोपी महिला नर्स का ओवरकोट पहनकर आई और बच्चे की जांच का हवाला देकर वह उसे ले गई। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिला बच्चे को उठाकर जाती नजर आ रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। पुलिस ने बताया कि नाथद्वारा के सुखाड़िया नगर में रहने वाली बिंदिया पत्नी चेतन मीना की 2 अगस्त को डिलेवरी हुई थी। उसने बेटे को जन्म दिया था। वह हॉस्पिटल के जनाना विंग में भर्ती थी। सोमवार दोपहर को एक महिला नर्स के कपड़े पहनकर आई, उसने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। नर्स की ड्रेस में आई महिला ने बिंदिया के पास आकर बच्चे को चेक करने के लिए कहा और कहा कि उसे हॉस्पिटल के ऊपर बने बच्चों के वार्ड में ले जाना है।
इस पर बिंदिया की ननद चंदा बच्चे को लेकर महिला के साथ जाने लगी। इस बीच महिला ने चंदा से कहा कि आप आधार कार्ड लेकर आ जाओ और बच्चा मुझे दे दो। इस पर चंदा ने बच्चा महिला को दे दिया। रास्ते में चंदा की मां सुगना मिली, जो आधार कार्ड लेकर आ रही थी। दोनों जब ऊपर वार्ड में पहुंची तो वहां वह महिला नजर नहीं आई। इस पूरे घटनाक्रम में दो महिलाओं के शामिल होने की आशंका है।

जब परिवार को यह साफ हो गया कि कोई महिला उनके नवजात को लेकर चली गई तो चीख-पुकार मच गई। नर्सिंग स्टाफ को इसकी जानकारी मिली तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सीसीटीवी खंगाले तो फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं नजर आईं। इनमें से साड़ी पहनी हुई महिला के हाथ में नवजात नजर आया। वहीं, अन्य फुटेज में नर्स के कपड़े पहनकर आई महिला अस्पताल के बाहर जाती नजर आई, उसके हाथ में नवजात नजर आ रहा है।
पुलिस थाना श्रीनाथजी मंदिर के इंचार्ज मोहन सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल के अंदर और बाहर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी महिलाओं को तलाशने के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं।
