सीसीटीवी केमरों, प्रकाश व कानून व्यवस्था, पार्किंग एरिया आदि की हो पर्याप्त व्यवस्था, कोटा जिला कलेक्टर ने की 132 वें राष्ट्रीय दशहरा मेले की तैयारियों की समीक्षा
एनसीआई@कोटा
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने मंगलवार को 132 वें राष्ट्रीय दशहरा मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय दशहरा मेले के सम्बंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समारिया ने कहा कि मेला विभिन्न विभागों के समन्वय से सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आमजन इसका भरपूर आनंद ले सकें। साथ ही व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर देश-प्रदेश के लोगों को इससे जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले की विभिन्न गतिविधियों, खासकर रात्रिकालीन होने वाले बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएं, ताकि आवागमन को समस्या न हो। लोग सुगमता से मेले में आवाजाही कर सकें। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों, मेला परिसर व प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों व प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था की जाए। साथ ही, मेला स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाए, ताकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का अधिक से अधिक लोग आनंद उठा सकें।
विद्युत तथा फायर ब्रिगेड के लिए यह दी हिदायत
जिला कलेक्टर ने विद्युत सम्बंधी सुरक्षा के लिए केईडीएल को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सेफ्टी ऑडिट किया जाए। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर ब्रिगेड निर्धारित स्थानों उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि मेला परिसर में झूले, ठेले इत्यादि निर्धारित स्थानों पर ही लगें, ऐसी व्यवस्था की जाए।
एसई एवं अतिरिक्त मेला अधिकारी महेश गोयल ने 132 वें राष्ट्रीय दशहरा मेले के प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में एसपी सिटी तेजस्वनी गौतम, एएसपी सिटी दिलीप सैनी, नगर निगम उत्तर आयुक्त अशोक त्यागी, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम कोटा दक्षिण जवाहर जैन, एसडीएम लाडपुरा गजेन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
