राजस्थान: हरिद्वार से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे परिवार के 7 सदस्यों की सड़क हादसे में मौत, इनके अंतिम संस्कार के बाद नदी में नहाने पहुंचे 7 लोग बहे, 4 को बचाया, 3 की मौत
एनसीआई@भीलवाड़ा
जिले की शाहपुरा पंचायत समिति के फूलिया कला गांव में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हुआ यूं कि जयपुर सड़क हादसे में मृत 7 लोगों के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे ग्रामीण और परिजन नहाने के लिए खारी नदी के तट पर गए थे। इसी दौरान 7 लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। इस दौरान ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 4 लोगों को तो बचा लिया, मगर 3 की मौत हो गई। इनके शव निकाले जा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि जयपुर के शिवदासपुरा में कल रविवार, 14 सितम्बर की सुबह हुए कार हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से 4 भीलवाड़ा के शाहपुरा के फूलिया कला गांव के रहने वाले अशोक वैष्णव, उनकी पत्नी सीमा देवी, बेटा रोहित व पोता गजराज भी शामिल थे। ये लोग हरिद्वार में अपने एक परिजन के अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे।
गांव में पहुंचे शव तो हुई सभी की आंखें नम
सोमवार सुबह साढ़े छह बजे करीब एम्बुलेंस से चारों शव गांव पहुंचे तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। ग्रामीण पूरी रात अशोक वैष्णव के घर पर ही थे। शवों का अंतिम संस्कार धानेश्वर रोड स्थित श्मशान घाट में किया गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण खारी नदी के निकट पर नहाने पहुंचे।

इसी दौरान विजय प्रताप सिंह (30), मुकेश गोस्वामी (25), महेन्द्र माली (25), बरदी चंद (34), महेश (35), राकेश (28) और जीवराज (30) नदी के तेज बहाव में डूबने लगे। ग्रामीणों की तत्परता से राकेश, जीवराज, विजय प्रताप सिंह और मुकेश गोस्वामी को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन को गम्भीर हालत में शाहपुरा जिला अस्पताल रेफर किया गया। जबकि महेंद्र माली, बरदी चंद व महेश पुत्र राधेश्याम शर्मा की डूबने से मौत हो गई। इनके शव निकाल लिए गए थे।

लगातार दूसरे दिन हुई त्रासदी
सूचना मिलने पर कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एसपी धर्मेन्द्र यादव और सांसद दामोदर अग्रवाल मौके पर पहुंचे। सांसद और विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। गांव में लगातार दूसरे दिन हुई इस त्रासदी से माहौल बेहद गमगीन है।

