70 किलो दूषित पनीर व 258 लीटर अवधि पार ओरेंज जूस नष्ट कराया, 101 किलो घी सीज
मृतक शंकर की मां बिलखती हुई।
एनसीआई@कोटा
राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार- मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जिले में त्योहारों को देखते हुए सोमवार व मंगलवार को 6 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 70 किलो दूषित पनीर व 258 लीटर अवधि पार ओरेंज जूस नष्ट कराया। साथ ही एक फर्म में 101 किलो घी सीज भी किया। इन कार्रवाइयों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना, संदीप अग्रवाल व मौजीलाल कुम्भकार शामिल रहे।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी शुभमंगला तथा जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के निर्देशन पर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कोटा डॉ. नरेन्द्र नागर के नेतृत्व में की गई।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
इसमें बोरखेड़ा स्थित फर्म पर minute made ब्रांड ओरेंज जूस की 200 ML की 1,290 बोतलें अवधि पार होने से नष्ट करवाई गईं। इसके अलावा एक नमूना घी, तीन नमूने हींग व एक नमूना पनीर का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लेकर 101 किलो घी सीज किया। वहीं, 70 किलो पनीर को नष्ट करवाया गया।
सभी प्रतिष्ठानों पर राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जागरूकता अभियान भी चलाया गया। सभी विक्रेताओं को खाद्य सामग्री की घरेलू जांच के तरीकों से अवगत करवाया गया। साथ ही खाद्य सामग्री खरीदने, भंडारण व विक्रय सम्बंधी विभिन्न नियमों से अवगत करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए 5 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला कोटा भेजा गया। वहां से रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।
जारी रहेगा सघन जांच अभियान
राज्य सरकार व जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया द्वारा प्राप्त निर्देश के अनुसार नवरात्रि, दशहरे के त्योहार को देखते हुए मिष्ठान भंडार, बेकरी, रेस्टोरेंट, मैस, डेयरी प्रोडक्ट्स विक्रेताओं व मेले में बिकने वाली खाद्य सामग्री के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मैस, होस्टल, रेस्टोरेंट के सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण का कार्य जारी रहेगा।
