नायब तहसीलदार ने कमरे में फंदे से लटक कर की आत्महत्या
एनसीआई@हनुमानगढ़
हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार ने फंदा लगकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
भादरा के डीएसपी संजीव कटेवा ने बताया कि सरकारी आवास में नायब तहसीलदार नरेन्द्र सहू (29) का सुबह फंदे पर लटका मिला। इस मामले की जानकारी देते हुए भादरा के डीएसपी ने बताया कि उनके आवास के कमरे की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। सहू चुरू जिले के साहवा थाना क्षेत्र में डाबडी गांव के रहनेवाले थे। वह यहां सरकारी आवास में एक अन्य सहयोगी कर्मचारी के साथ रहते थे। उनके सहयोगी के परिवार में छह-सात दिन पहले किसी का निधन हो गया था। और वह अपने गांव चला गया था। नरेंद्र सहू तब से आवास पर अकेले थे।
डीएसपी कटेवा ने बताया कि सुबह जब सहू रोज की तरह नहीं उठे तो देखकर पड़ोस के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तो उनका शव फंदे पर लटका मिला। उन्होंने बताया कि घटनास्थल की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है। सारे मामले की गहनता से जांच चल रही है। सहू के परिजन भी भादरा पहुंच गये हैं। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नायब तहसीलदार नरेन्द्र अपने काम के प्रति ईमानदार और शांत स्वभाव के अधिकारी माने जाते थे। पिछले कुछ समय से वे मानसिक दबाव में थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
