April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीएम की कुर्सी के लिए 500 करोड़ वाले आरोप पर कांग्रेस गुस्साई, नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर को किया सस्पेंड

सीएम की कुर्सी के लिए 500 करोड़ वाले आरोप पर कांग्रेस गुस्साई, नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर को किया सस्पेंड

कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व मंत्री नवजोत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। नवजोत कौर ने यह कहकर कांग्रेस को मुश्किल में डाल दिया था कि जो सूटकेस में 500 करोड़ रुपए देता है, वही कांग्रेस में सीएम बनता है।

एनसीआई@चंडीगढ़

पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व मंत्री नवजोत कौर के एक बयान ने पंजाब के साथ देशभर की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इससे बुरी तरह बिफरी कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व मंत्री नवजोत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ यह कार्यवाही पार्टी के प्रदेश प्रमुख अमरिंदर राजा वड़िंग ने की है।

वड़िंग ने इस सम्बंध में एक पत्र भी जारी किया है। इसमें लिखा है कि नवजोत कौर सिद्धू को तुरन्त प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक मेम्बरशिप से सस्पेंड किया जाता है। दरअसल, नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि उनके पति तभी राजनीति में लौटेंगे जब सीएम केंडिडेट घोषित किया जाए और इस कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपए की मांग न हो। उनके इस बयान ने समूची कांग्रेस को मुश्किल में डाल दिया था। आप और बीजेपी ने कांग्रेस को घेर लिया था।

नवजोत कौर के बयान पर गरमाई सियासत

नवजोत सिंह सिद्धू लम्बे समय से राजनीति से दूर हैं। उनकी पत्नी नवजोत कौर ने कहा था कि वह तभी राजनीति में लौटेंगे जब ऐसी कोई डिमांड न हो। उन्होंने यह भी कहा था कि वह अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि कांग्रेस में वही सीएम बनता है जो 500 करोड़ का सूटकेस देता है। इस दावे पर राजनीति गरमा गई थी। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर तीखा पलटवार किया था। डीके ने कहा था कि उन्हें पागलों के किसी अस्पताल में भर्ती होना चाहिए। गौरतलब है कि नवजोत कौर सिद्धू के पति नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं।

2027 में हैं पंजाब विधानसभा चुनाव

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं किया था। नवजोत कौर को कांग्रेस से बाहर किए जाने के बाद ऐसी संभावना है कि सिद्धू भी अब कांग्रेस को छोड़ दें। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है। भगवंत मान राज्य के मुख्यमंंत्री हैं। 2022 के चुनावों में आप को 117 में 92 सीटें और कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली थी। शिरोमणि अकाली दल को सिर्फ 3 सीटें ही मिल पाई थीं। जबकि 2017 के चुनावों में कांग्रेस को 77 और आप को 20 सीटों पर जीत मिली थी। अकाली दल तब 15 सीटों पर सिमट गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.