देश में मानसून के दस्तक देने के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 3 जुलाई, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित 15 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस बारिश के साथ 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी का कहर देखने को मिल सकता
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क/नई दिल्ली
उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक मानसून ने दस्तक दे दी है। अब बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू हो चुका है। इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 3 जुलाई, शुक्रवार के लिए राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 15 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है। इस बारिश का असर उत्तर भारत और पूर्वी भारत के 8 राज्यों में सबसे अधिक देखने को मिलेगा। वहीं, आकाशीय बिजली और वज्रपात भी अपना रौद्र रूप दिखा सकता है। 5 से अधिक राज्यों में ओले गिरने की भी चेतावनी है। पहाड़ी राज्यों में भी आफत की बारिश होने वाली है। तेज आंधी के चलते बड़े-बड़े वृक्षों तक के भी धाराशायी होने की आशंका है।
ऐसा होने पर लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है। अगले 2-3 दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर और तेजी से बढ़ेगा और यह उत्तरी भारत की ओर अटेक करेगा। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तट पर चक्रवाती परिसंचरण का निर्माण होने की संभावना है। उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। तो चलिए आपको बताते हैं कि कल यानी 3 जुलाई को देश के 15 राज्यों में मौसम कैसा रहेगा।
देश के इन 15 राज्यों में है बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देश के 15 राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और केरल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 80 से लेकर 85 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलने की संभावना है। वहीं, कई राज्यों में तापमान में 5 डिग्री तक की कमी देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में मौसम ऐसा रहेगा
राजस्थान के झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, सिरोही, भीलवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा के झोंके चलने की संभावना है। वहीं, कल यानी 3 जुलाई को जयपुर में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
दिल्ली में ऐसा रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में 3 जुलाई, शुक्रवार की सुबह भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। इससे दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
उत्तर प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, बुलंद शहर, इटावा, फिरोजाबाद, बांदा, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, कानपुर और शाहजहांपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं, लखनऊ में 3 जुलाई को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बिहार में मौसम ऐसा रह सकता है
बिहार के भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, बक्सर, जमुई, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बांका, अररिया, किशनगंज, खगड़िया और मुंगेर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। वहीं, पटना में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
जम्मू-कश्मीर में कल मौसम ऐसा रहेगा
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कठुआ, जम्मू, रियासी, रामबन, राजौरी, कुलगाम, पुंछ, कुपवाड़ा, पुलवामा और बारामूला में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। वहीं, श्रीनगर में कल यानी 3 जुलाई को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
मध्य प्रदेश में ऐसे मौसम का है अनुमान
मध्य प्रदेश के खंडवा, हर्दा, देवास, छिंदवाड़ा, बेतुल, होशंगाबाद, धार, भोपाल, विदिशा, बालघाट, रीवा, सिंगरौली और उज्जैन में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, कल यानी 3 जुलाई को भोपाल में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।
