कानपुर में इरशाद नामक मुस्लिम युवक ने विशाल बनकर दो हिन्दू युवतियों को फांसा और शादी कर ली। उसने कई माह से पहली पत्नी व मासूम बेटे को कमरे में बंधक बना रखा था। दूसरी पत्नी 7 माह से गर्भवती है। उस पर भी बाहर निकलने की पाबंदी थी। पड़ोसियों ने महिलाओं और बच्चों के चेहरे तक नहीं देखे थे।
एनसीआई@कानपुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मुस्लिम युवक ने खुद का हिन्दू नाम बता दो हिन्दू लड़कियों को फांसा और शादी कर ली। पहली पत्नी ने पति पर धर्म छिपाकर शादी करने, धर्मांतरण का दबाव बनाने तथा बेटे का खतना कराने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने अपनी पहली शादी छिपाकर एक अन्य हिन्दू युवती से भी विवाह कर लिया। बजरंग दल के पदाधिकारियों से यह जानकारी मिलने पर तहरीर पर पनकी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों महिलाओं को मुक्त कराया।
मूल रूप से आगरा निवासी इरशाद पर आरोप है कि उसने करीब आठ वर्ष पहले हरदोई की एक युवती अनुकृति पांडे को इंस्टाग्राम पर खुद को विशाल बताकर प्रेमजाल में फंसाया। युवती कानपुर आ गई। कुछ दिन साथ रही और बाद में कोर्ट मैरिज के दौरान उसे विशाल का वास्तविक नाम इरशाद व उसके धर्म की जानकारी हुई। उस समय उसे एकदम सदमा तो लगा, मगर बेबसी में अब उसे कुछ करना मुमकिन नहीं लगा। शादी के बाद दोनों लखनऊ में रहने लगे, जहां उनके एक बेटे का जन्म हुआ। तब तक सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा था।
धर्मांतरण, मीट खाने व बेटे का खतना कराने का बनाया दबाव
अनुकृति का आरोप है कि दो वर्ष पहले से वह इरशाद और बेटे के साथ पनकी में रह रही है। तब से इरशाद धर्म परिवर्तन, नॉनवेज खाने व बेटे का खतना कराने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर मारपीट करता है। इसी बीच इरशाद ने एक बार फिर अपने धर्म के अलावा खुद के पहले से शादीशुदा होने की बात छिपा कर कोयला नगर की एक और हिन्दू युवती से शादी कर ली। इसके छह माह की गर्भवती होने पर इरशाद उसे भी घर ले आया। मगर आसपास वालों को इरशाद इसे अपनी बहन बताता रहा। रात में पहली पत्नी अनकृति को अलग कमरे में बंद कर दूसरी के साथ रहता था।
पड़ोसियों तक ने नहीं देखे दोनों पत्नियों और बच्चों के चेहरे
विशाल बनकर दो हिन्दू युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाने वाले इरशाद ने धर्मांतरण का दबाव बनाने के लिए जुल्म की इंतिहा कर दी थी। पहली पत्नी अनुकृति ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि पहले तो इरशाद ने उसे अपना धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव डाला। शादी के कुछ दिनों बाद ही उसे पूजा करने से रोकने लगा। उस पर मांस खाने तक का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसको बेरहमी से पीटता था। पीड़िता ने बताया कि विरोध के बावजूद भी उसने बेटे का मुस्लिम धर्म के अनुसार नाम रख दिया। महिला का आरोप है कि इरशाद बेटे का खतना कराना चाहता था। उसने मना किया। कहा, मुस्लिम नाम रख लिया अब खतना मत कराओ, लेकिन वह नहीं माना।
बात नहीं मानने पर महीनों से फ्लेट में बना रखा था बंधक
आरोप है कि इरशाद के जुल्मों के बावजूद अनुकृति पांडे ने धर्म बदलने के लिए तैयार नहीं हुई तो उसे कई महीनों से फ्लेट के कमरे में बेटे के साथ बंधक बनाकर रखा गया। इसके बाद एक दूसरी युवती को भी घर में लाकर रख दिया। इरशाद की यह दूसरी पत्नी भी सात माह की गर्भवती है। अनुकृति ने आरोप लगाया कि जब इरशाद उसे पीटता तो दूसरी पत्नी देखती रहती थी। इरशाद ने उसे भी अपने दबाव में रखा था। बुधवार को अनुकृति ने इरशाद के बाहर गए होने के दौरान किसी प्रकार एक पड़ोसी से बजरंग दल के महानगर प्रभारी नरेन्द्र तोमर का नम्बर ले सारी बात बताई। तोमर ने यह जानकारी पनकी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जब फ्लेट पर छापा मारा तो दोनों महिलाएं अलग-अलग कमरों में कैद मिलीं। इरशाद ने पहले दूसरी पत्नी को अपनी बहन बताया, मगर उस महिला ने ही विरोध किया तब वह चुप हो गया।
घर से बाहर निकलने पर पाबंदी, ऑनलाइन आता था समान
दोनों महिलाओं को रेस्क्यू करने पुलिस के साथ पहुंचे बजरंग दल के महानगर प्रभारी नरेन्द्र तोमर ने बताया कि इरशाद ने दोनों महिलाओं पर घर से बाहर निकलने तक की पाबंदी लगा रखी थी। घर का ज्यादातर सामान ऑनलाइन मंगाया जाता था। इरशाद खुद को जूतों की होलसेल बिक्री करने वाला बताता था। वह अनुकृति को लेकर पहले आगरा से लखनऊ में कुछ साल रहा। इसके बाद कानपुर में लेकर रहने लगा था। वह घर से कहीं बाहर जाने की इच्छा जताती थी तो इरशाद मारपीट करता था। खुद कैब से आता जाता था। मगर इन पत्नियों को कहीं भी साथ नहीं ले जाता था।
पड़ोसी बोले-अक्सर आती थी चिल्लाने की आवाज
बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिस के पहुंचने पर पड़ोसी भी खुलकर बोले। बताया कि अक्सर देर रात कमरे से महिला के चीखने चिल्लाने की आवाजें आती थीं। मगर कभी कोई महिला या बच्चे दिखाई नहीं दिए।
इंस्टाग्राम से फांसा, एक से कोर्ट में दूसरी से मंदिर में की शादी
इरशाद ने इंस्टाग्राम पेज पर दो आईडी बना रखी थी। पहली आईडी विशाल तो दूसरी इरशाद के नाम से थी। इंस्टाग्राम के जरिए ही उसने दोनों युवतियों को अपना शिकार बनाया था। पहली युवती से उसने कोर्ट में शादी की थी, जबकि दूसरी से एक मंदिर में जाकर विवाह किया था। इरशाद दूसरी पत्नी से कहता था कि वह पहली पत्नी को छोड़कर उसी के साथ रहेगा।
आरोपी और दूसरी पत्नी से पूछताछ की जा रही
पनकी के एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने फ्लेट में छापा मारकर आरोपी इरशाद को हिरासत में ले लिया। पहली पीड़ित महिला ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह अब अपने घर जाना चाहती है, क्योंकि इरशाद ने उसे धोखे में रखकर बहुत प्रताड़ित किया है। पुलिस इरशाद से पूछताछ कर रही है और दूसरी महिला से भी मामले की जानकारी जुटा रही है।
