एनसीआई@कोटा
‘पूरा कोटा मेरा घर है और यहां का हर एक नागरिक मेरा परिजन है,’ इसी आत्मीयता और सामाजिक सरोकार को ध्येय मानकर दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान’ इस वर्ष जनवरी 2026 से निरंतर हर महीने सेवा कार्यों की शृंखला चला रहा है। ‘सेवा ही साधना है, परहित ही परम धर्म है’ के इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज बुधवार को दादाबाड़ी स्थित प्रज्ञा लोक कार्यालय में एक और पुनीत सेवा कार्य का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
आचार्य 108 श्री प्रज्ञासागर जी मुनिराज के दिव्य आशीर्वाद और प्रेरणा से कोटा में अनवरत संचालित ‘प्रज्ञा प्रसादम् सेवा प्रकल्प’ के तहत जरूरतमंद और निर्धन लोगों को आदरपूर्वक अल्पाहार वितरित किया गया।

यतीश जैन खेड़ावाला का रहा विशेष योगदान
यह भावपूर्ण सेवा कार्य ग्रुप की अध्यक्ष सीमा बागड़िया के भतीजे संदीप-श्वेता बगड़ा की मां (दिवंगत: 21 मई) और दादी (दिवंगत: 3 जून) की पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित किया गया था। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने और इसे सफल बनाने में यतीश जैन खेड़ावाला का अत्यंत महत्वपूर्ण व सराहनीय योगदान रहा। भारत विकास परिषद हॉस्पिटल के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में यतीश जैन सहित ग्रुप के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा जिला अध्यक्ष जैन के सानिध्य में पौधरोपण की शुरुआत
ग्रुप की आगामी पर्यावरण-हितैषी योजनाओं की घोषणा करते हुए अध्यक्ष सीमा अरविंद बागड़िया व सचिव श्वेता नवीन जैन सेठिया ने बताया कि कोटा को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से 8 जुलाई को भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन मड़िया के मुख्य आतिथ्य एवं सानिध्य में एक वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत होगी।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा, “जनवरी 2026 से शुरू हुआ सेवा और परोपकार का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है। पूरा कोटा हमारा परिवार है, इसलिए भूखे को अन्न और प्रकृति को हरियाली देना हमारा कर्तव्य है। भविष्य में भी ग्रुप इसी प्रकार पूरी निष्ठा के साथ प्रतिमाह मानवता और पर्यावरण की सेवा के कार्य निरंतर करता रहेगा।”
आभार जताया
अंत में, सचिव श्वेता जैन ने इस सेवा कार्य में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से अपना अमूल्य योगदान देने वाले यतीश जैन खेड़ावाला, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान” के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ और भगवान महावीर स्वामी से सभी के मंगल की कामना की।
