शिव यात्रा पर मस्जिद की छत से पथराव मामले में 15 गिरफ्तार, 5 पुलिसकर्मियों सहित 9 लोग हुए थे घायल, भारी तनाव के बीच पुलिस बल तैनात, गत वर्ष गरबा आयोजन पर भी हुआ था पथराव
एनसीआई@अहमदाबाद/सेन्ट्रल डेस्क
गुजरात के खेड़ा जिले के ठासरा तालुका में ‘शिव यात्रा’ पर मस्जिद की छत से पथराव करने के मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दोनों समुदाय के लोग शामिल हैं। ठासरा इलाके में 15 सितम्बर को ये यात्रा निकाली गई थी। इस पर हुई पत्थरबाजी में 5 पुलिसकर्मिर्यों सहित 9 लोग घायल हुए थे। खेड़ा वही जगह है जहां पिछले साल गरबा के कार्यक्रम के दौरान भी पत्थरबाजी हुई थी।

यात्रा पर पथराव के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हर जगह पुलिस तैनात है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लेग मार्च भी निकाला। इसके साथ ही पुलिस ने कई इलाकों में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उपद्रवियों को किसने उकसाया? मस्जिद की छत पर पत्थर कहां से आए? क्या पहले से इसके लिए तैयारी कर ली गई थी? स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूचना मिलते ही खेड़ा के एसपी राजेश गढ़िया, डीएसपी वीआर बाजपेयी और बाकी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें लोग मस्जिद से पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं।
एसपी राजेश गढ़िया ने मीडियाकर्मियों को बताया कि ये ‘शोभा यात्रा’ हर साल निकाली जाती है। इस बार भी 700 से 800 लोग यात्रा में शामिल थे। जब यात्रा तीन-बत्ती इलाके में पहुंची तो इस पर कुछ लोगों ने अचानक जोरदार पथराव शुरू कर दिया। इस पर शिव यात्रा में शामिल लोगों ने भी जवाबी पथराव शुरू किया। एसपी के मुताबिक, पुलिस ने तुरंत स्थिति को काबू में कर लिया। इलाके में शांति कायम करने के लिए दोनों समुदाय के नेताओं से बातचीत की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए वीडियो की जांच हो रही है।
नूह की धार्मिक यात्रा में भी हुई थी हिंसा
कुछ समय पहले हरियाणा के नूह में भी ऐसी ही एक शोभायात्रा में हिंसा भड़क गई थी। मेवात इलाके में 31 जुलाई को बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद की ओर से ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ निकाली गई थी। कुछ युवकों के एक समूह ने इस यात्रा को रोका। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई, भारी पथराव और आगजनी भी हुई।
इस हिंसा में कई पुलिस वाले घायल हुए थे। इसके बाद हरियाणा के कई हिस्सों में हिंसा हुई। नूह मामले में पुलिस ने बिट्टू बजरंगी, कांग्रेस नेता मामन खान के साथ कई और लोगों को गिरफ्तार किया है. इसी मामले में 12 सितम्बर को हरियाणा पुलिस ने मोनू मानेसर को भी गिरफ्तार कर लिया था। इसे बाद में राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया। मोनू पर भरतपुर, राजस्थान के नासिर और जुनैद की हरियाणा के भिवानी में ले जाकर हत्या करने का आरोप है। इस मामले में उसे मुख्य आरोपी बनाया गया है।
