कर्ज से परेशान पति-पत्नी और तीन बच्चों ने की आत्महत्या, मकान मालिक किराया मांगने गया तब पता चला
एनसीआई@बीकानेर
मुक्ता प्रसाद नगर थाना क्षेत्र में कर्ज से परेशान एक परिवार के सभी पांचों लोगों ने आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और 3 बच्चे शामिल हैं। दो दिन बाद मकान मालिक किराया लेने पहुंचा तब घटना का खुलासा हुआ।
घर में पत्नी और 3 बच्चों के शव फंदे पर अलग-अलग हुक से लटके मिले, जबकि परिवार के मुखिया का शव आंगन में पड़ा हुआ था। जानकारी मिलने पर आईजी ओम प्रकाश, एसपी तेजस्विनी गौतम, एएसपी दीपक शर्मा सहित थाना अधिकारी व पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा।

आईजी ओम प्रकाश ने बताया- मुक्ता प्रसाद नगर थाना क्षेत्र के अन्त्योदय नगर में हनुमान सोनी (45) अपनी पत्नी विमला (40), दो बेटे मोहित (18), ऋषि (16) और एक बेटी गुड़िया (14) के साथ पिछले दस साल से अनिल रंगा के मकान में किराए से रह रहे थे। प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि हनुमान सोनी जेवरात में नगीना गढ़ने (जेवरात जड़ाऊ) का काम करते थे। वह आर्थिक तंगी के चलते परेशान थे।
सुसाइड नोट में पत्नी ने लिखा- पीहर और ससुराल वाले करते थे परेशान
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मौके से परिवार की मुखिया की पत्नी विमल सोनी का लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने अपने पीहर और ससुराल पक्ष दोनों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि पीहर वाले और ससुराल वाले दोनों पैसे मांगते थे। ससुराल वालों ने घर में भी कोई हिस्सा नहीं दिया। ऐसे में पूरे परिवार के पास सुसाइड करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

दो दिन पहले किया था सुसाइड
हनुमान सोनी ने अपने परिवार के साथ दो दिन पहले ही सुसाइड कर लिया था। गुरुवार को मकान मालिक अनिल रंगा ने किराये के लिए कॉल किया, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे किराया लेने घर पहुंच गए। मगर वहां किसी ने गेट नहीं खोला। बरामदे में दो दिन पुराना अखबार पड़ा था। किसी ने बताया कि दो दिन से दूध वाला भी बिना दूध दिए जा रहा है। इसके बाद अनिल अंदर की तरफ गए तो बदबू आने लगी। इस पर उन्होंने बीकानेर में ही रहने वाले हनुमान सोनी के भाई शिवशंकर को कॉल किया साथ ही पुलिस को सूचना भी दी। पुलिस ने मकान का गेट तोड़ा और अंदर गई तो परिवार के पांचों सदस्यों के शव मिले। बाद में शिवशंकर भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि दोनों भाइयों में पिछले दस साल से बातचीत नहीं थी।
अलग-अलग कमरों में मिले शव
घटना की जानकारी के बाद आईजी ओम प्रकाश और एसपी तेजस्विनी गौतम सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे घर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। आशंका है कि पहले सभी को फंदे पर लटकाने के बाद हनुमान ने जहर खाया। पांचों शव पीबीएम अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाए गए।

दो ने किचन में, दो ने कमरे में लगाया फंदा
मकान के किचन में लगे दो हुक से दो शव लटक हुए थे। वहीं एक कमरे के दो हुक से दो-दो अन्य शव लटके मिले। जबकि परिवार के मुखिया हनुमान सोनी ने जहर खाया था। उनका शव आंगन में पड़ा हुआ था।
