हरियाणा में राजनीतिक भूचाल: जेजेपी से बीजेपी का गठबंधन टूटा, सीएम मनोहर लाल खट्टर का मंत्रिमंडल सहित इस्तीफा, नई केबिनेट की आज ही होगी शपथ, सीएम के नाम पर अटकलबाजियां
एनसीआई@चंडीगढ़
हरियाणा में बड़ी सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। इससे पहले बीजेपी का जेजेपी से गठबंधन टूटने की खबर सामने आई। सूत्रों के मुताबिक-आज शाम 4-5 बजे नए सिरे से मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें मनोहर लाल खट्टर ही मुख्यमंत्री होंगे या कोई और चेहरा यह जिम्मेदारी सम्भालेगा, इस पर अटकलबाजियां जारी हैं। इस बीच खट्टर सरकार में मंत्री रहे कंवर पाल गुर्जर ने दावा किया कि मनोहर लाल खट्टर ही फिर सीएम बनेंगे।
इस घटनाक्रम के बीच बीजेपी विधायक दल की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें अर्जुन मुंडा और तरुण चुग पर्यवेक्षक तौर पर मौजूद हैं। यह भी जानकारी मिली है कि नए केबिनेट में पांच नए चेहरे होंगे। साथ ही अलग-अलग समुदायों से दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। वहीं हरियाणा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव कराने का विचार किया जा रहा है।
सीएम पद के लिए खट्टर के बाद ये दो नाम रेस में सबसे आगे
ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बदला जाएगा और उनकी जगह नायब सैनी और संजय भाटिया में से कोई एक सीएम बनाया जा सकता है। दोनों गैर जाट हैं और दोनों ही सांसद हैं। इनकी जगह मनोहर लाल खट्टर को लोकसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है।
बीजेपी और जेजेपी गठबंधन में दरार
बताया जा रहा है कि बीजेपी और जेजेपी में दरार पड़ गई है। रात को दुष्यंत चौटाला और अमित शाह की मुलाकात भी हुई थी। इसमें चौटाला ने लोकसभा चुनाव में 2 सीटें मांगी थीं, मगर इस सीट बंटवारे पर बात नहीं बन पाई। दूसरी ओर इस पूरे घटनाक्रम के बाद जेजेपी और कांग्रेस ने अपने विधायकों को दिल्ली बुला लिया है। जेजेपी के कुल 10 विधायक हैं। इनमें से 7 विधायक बीजेपी के सम्पर्क में बताए जा रहे।
बीजेपी और जेजेपी में दरार के मुख्य कारण
1-2 लोकसभा सीटें मांग रही है जेजेपी। इनमें हिसार,भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट की मांग शामिल रही। मगर बीजेपी एक भी सीट देने को तैयार नहीं। पिछली बार हरियाणा की सभी 10 सीटें बीजेपी ने जीती थी। इसके अलावा प्रदेश बीजेपी संगठन यहां गठबंधन के पक्ष में नहीं है।
हरियाणा विधानसभा का गणित
• 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा- 46
• बीजेपी – 41
• बीजेपी के साथ निर्दलीय – 6
• हरियाणा लोकहित पार्टी – 1 (गोपाल कांडा)
• जेजेपी के अलग होने पर बीजेपी को समर्थन – 48
• जेजेपी -10
• निर्दलीय -1 (बलराज कुंडू)
• इंडियन नेशनल लोकदल – 1 (अभय चौटाला)
• कांग्रेस-30
