April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पुलिस लाइन से रात को चौकी पर ड्यूटी ज्वॉइन करने रवाना हुए पुलिसकर्मी की हादसे में मौत, रात भर सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा रहा शव

पुलिस लाइन से रात को चौकी पर ड्यूटी ज्वॉइन करने रवाना हुए पुलिसकर्मी की हादसे में मौत, रात भर सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा रहा शव

एनसीआई@किशनगढ़ (अजमेर)

अजमेर पुलिस लाइन से शनिवार रात हरमाड़ा चौकी पर ड्यूटी जॉइन करने के बाइक से रवाना हुए पुलिसकर्मी की रास्ते में हुए हादसे से मौत हो गई। रात भर उसका शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा रहा। रविवार सुबह वहां से गुजरे लोगों ने यह नजारा देख कर पुलिस को सूचना दी। किशनगढ़ के बांदरसिंदरी इलाके में हरमाड़ा चौकी से करीब 5 किलोमीटर पहले यह हादसा हुआ।

कार की टक्कर से 10 फीट तक उछलकर बाइक स परवार डपुलिसकर्मी सड़क किनारे गड्‌ढे में जा गिरा। रात भर सड़क किनारे गड्‌ढे में वह तड़पता रहा। समय से इलाज नहीं मिला और उसकी मौत हो गई। अजमेर पुलिस लाइन से शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह ड्यूटी जॉइन करने के लिए हरमाड़ा चौकी जा रहा था। चौकी से 5 किमी पहले ही रात 11 बजे हादसे का शिकार हो गया। रविवार सुबह उधर से निकलने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना किशनगढ़ (अजमेर) स्थित बांदरसिंदरी इलाके में हुई है। अंदाजा लगाया गया है कि किसी कार की टक्कर से यह हादसा हुआ।

सीओ (ग्रामीण) सत्यनारायण यादव के अनुसार, यह हादसा किशनगढ़-भोजियावास ग्रामीण सड़क पर हुआ। अमरचंंद सेवदा (36) पुत्र श्योराम जाट बाइक से हरमाड़ा चौकी ​​​​पर ड्यूटी जॉइन करने के लिए निकले थे। अजमेर पुलिस लाइन से चौकी की दूरी 40 किलोमीटर है। चौकी से 5.5 किलोमीटर पहले भोजियावास गांव के पास रात 11 बजे के करीब उसे कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अमरचंद बाइक सहित गड्‌ढे में जा गिरा। मौके पर अंधेरा होने के कारण रात को वहां से गुजरे अन्य वाहन चालकों को बाइक या अमरचंद नजर नहीं आए। इसलिए रातभर वह गड्‌ढे में पड़ा रहा।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी हॉस्पिटल पहुंचे

रविवार सुबह उधर से गुजरने वाले वाहन चालकों ने बांदरसिंदरी थाना पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। अमरचंद के शव को किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इस हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ (ग्रामीण) सत्यनारायण यादव, बांदरसिंदरी एसएचओ पारुल यादव सहित मदनगंज, गांधीनगर और शहर थाना पुलिस के जवान बड़ी संख्या में हॉस्पिटल पहुंचे।

जयपुर के रहने वाले थे अमरचंद

बांदरसिंदरी एसएचओ पारुल यादव ने बताया कि सूचना पाकर अमरचंद के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। अमरचंद जयपुर ग्रामीण के नरैना थाना क्षेत्र के गहलोता गांव के रहने वाले थे। कुछ समय पहले तक वह सेवदा (बांदरसिंदरी थाने) में तैनात थे। उन्हें किसी कारण से पुलिस लाइन (अजमेर) भेज दिया गया था। हरमाड़ा चौकी (बांदरसिंदरी थाना) में उन्हें दोबारा पोस्टिंग दी गई थी। वहीं, हादसे की पूरी जानकारी के लिए पुलिस सड़क किनारे लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.