April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

Alarming News: ऑनलाइन मंगवाए बर्थडे केक ने ले ली जान, 10 वर्षीय बर्थडे गर्ल की हो गई मौत

Alarming News: ऑनलाइन मंगवाए बर्थडे केक ने ले ली जान, 10 वर्षीय बर्थडे गर्ल की हो गई मौत

एनसीआई@नई दिल्ली

पंजाब से एक बेहद अलार्मिंग खबर सामने आई है। इसके अनुसार पटियाला के रहने वाले एक परिवार का दावा है कि बर्थडे केक खाने से उनके घर की 10 साल की बच्ची की मौत हो गई। ये केक ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। इस बच्ची की मौत से चंद घंटे पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो अपना बर्थडे मनाते समय काफी खुश नजर आ रही है। इस वीडियो में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रही है। उसके परिवार का कहना है कि केक खाने से उसकी हालत बिगड़ गई। इसके कुछ घंटों बाद उसका शरीर ठंडा पड़ गया था। अस्पताल लेकर गए तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि केक कहां से आया था, इसकी जांच की जाएगी। साथ ही बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसका नाम मानवी बताया गया है। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारी सुरिंदर सिंह का कहना है कि मामले की अभी जांच की जा रही है कि केक कहां से आया था। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक वीडियो में बच्ची के दादा कहते हैं, ‘ऑनलाइन केक मंगाया था। 6 बजे ऑर्डर किया, सवा 6 पहुंचा और सवा 7 बजे केक काटा। उसे खाने के बाद घर के सभी लोगों की सेहत खराब हो गई। सिर घूम रहे थे।‌ घर की दोनों छोटी बच्चियों में से एक 10 साल की है, जिसका जन्मदिन था, उसका नाम मानवी था। छोटी वाली 8 साल की है। दोनों को उल्टियां होने लगीं। छोटी वाली को ज्यादा उल्टियां हुईं, इसलिए उसका केक सारा बाहर निकल गया, लेकिन फिर भी हालत काफी नाजुक थी।’

वो आगे कहते हैं, ‘बड़ी वाली मानवी, जिसकी मौत हुई है, उसका केक शरीर से बाहर नहीं निकला। मुंह से दो बार झाग निकले। हमें लगा कि मामूली उल्टी है, इसके बाद वह ठीक हो जाएगी। फिर वो सो गई। इसके बाद उसने उठकर पानी मांगा, बोली कि गला सूख रहा है। प्यास बहुत लग रही है। फिर वो सो गई। सुबह करीब 4 बजे हमने देखा तो वो ठंडी पड़ी थी। हम उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे ऑक्सीजन लगाई, ईसीजी की, फिर कहा कि उसकी मौत हो गई है।’

वो आगे कहते हैं कि एफआईआर दर्ज हो गई है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया।  मगर, अस्पताल में डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी जताई है। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद से ऑनलाइन ऑर्डर किए जाने वाले खाने को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स को खाना चेक करने के बाद ग्राहक को डिलीवर करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.