April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दो आरोपियों को पकड़ कर ला रही पुलिस टीम पर लाठियों और पत्थरों से हमला, चार पुलिसकर्मी हुए घायल, आरोपियों को छुड़ा ले भागे बदमाश

दो आरोपियों को पकड़ कर ला रही पुलिस टीम पर लाठियों और पत्थरों से हमला, चार पुलिसकर्मी हुए घायल, आरोपियों को छुड़ा ले भागे बदमाश

एनसीआई@बूंदी

रायथल थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव से मारपीट के पुराने मामले के दो आरोपियों को पकड़ कर ला रही तालेड़ा थाना पुलिस की टीम पर बदमाशों ने लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। बदमाश पुलिसकर्मियों को घायल कर आरोपियों को छुड़ा कर ले गए। यह वारदात शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे हुई।

तालेड़ा थानाधिकारी रामेश्वर प्रसाद जाट ने बताया कि तालेड़ा थाने के एएसआई बृजराज सिंह, एएसआई हरिशचंद्र शर्मा, कॉन्स्टेबल देशबंधु और विजय सिंह शुक्रवार रात निजी वाहन लेकर दोनों आरोपियों को पकड़ने गए थे। इन्होंने वहां स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद ये पुलिसकर्मी आरोपियों को निजी वाहन में लेकर तालेड़ा थाने आ रहे थे। इसी बीच रात करीब पौने दस बजे सदर थाना क्षेत्र में माटूंदा बड़ी नहर के पास तकरीबन एक दर्जन लोगों ने लाठियों और पत्थरों से पुलिस के इस निजी वाहन पर हमला कर दिया और दोनों आरोपियों को छुड़ा कर ले भागे। इस दौरान आरोपियों ने वाहन में भी तोड़फोड़ की, जिससे उसके कांच टूट गए। इस हमले में चारों पुलिसकर्मियों के चोटें आईं हैं।

पुलिसकर्मी को आए चार टांके

अधिक घायल हुए एएसआई हरीश शर्मा के चार टांके आए हैं। फिलहाल पुलिसकर्मियों का इलाज करवाया जा रहा है। घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र में होने के कारण सदर थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर आरोपियों को छुड़ाकर ले जाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

इधर, सदर थानाधिकारी भगवान सहाय ने बताया कि जिस निजी वाहन में आरोपियों को तालेड़ा पुलिस पकड़ कर ला रही थी, उसे भी हमलावरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मियों के चोटें आई हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तालेड़ा थाना क्षेत्र के बल्लोप निवासी उच्छब लाल मीणा और सुरेन्द्र मीणा के रायथल थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में होने की सूचना पर पुलिस इन्हें पकड़ने गई थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दिसम्बर 2023 में दर्ज हुआ था। इसलिए इनकी तलाश की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.