वाइस प्रिंसिपल ने की 12 वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़, घर छोड़ने के बहाने कार में लिफ्ट देकर रास्ते में की अश्लील हरकत, गिरफ्तार
एनसीआई@झुंझुनूं
जिले के इस्लामपुर गांव के सरकारी स्कूल के वाइस प्रिंसिपल ने चलती कार में 12वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा की ओर से थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
बगड थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि सेठ रामप्रताप सौंथलिया राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल के वाइस प्रिंसिपल, सुलताना निवासी राजकुमार (54) पुत्र थानाराम के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया गया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा 12 वीं की परीक्षा देने के लिए गुरुवार को स्कूल आई थी। परीक्षा खत्म होने पर वह घर जा रही थी। वाइस प्रिंसिपल राजकुमार ने घर तक लिफ्ट देने के बहाने उस नाबालिग छात्रा को अपनी कार में बैठा लिया। उसने सुनसान रास्ते में छात्रा के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ की। इस रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वाइस प्रिंसिपल राजकुमार स्कूल में बायोलॉजी पढ़ाता है। गुरुवार को 12वीं कक्षा का बायोलॉजी का पेपर था। यह पेपर गुरुवार सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक था। आरोपी वाइस प्रिंसिपल राजकुमार की दूसरी पारी में दोपहर एक बजे से ड्यूटी थी, लेकिन वह समय से पहले ही स्कूल के बाहर पहुंच गया।
घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाया
आरोपी वाइस प्रिंसिपल अक्टूबर 2021 से इस्लामपुर के स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत है। वह सुलताना गांव का रहने वाला है। छात्रा की परीक्षा खत्म होने पर वह स्कूल के नजदीक कार लगाकर खड़ा हो गया। इसके बाद उसके घर की ओर जाने की बात कहकर उसे कार में बैठा लिया। रास्ते में उसके साथ अश्लील हरकत की व छेड़छाड़ को अंजाम दिया।
